राजस्थान के कश्मीर और झीलों के शहर उदयपुर को सबसे रूमानी शहर का खिताब मिला है। ट्रैवल पोर्टल प्लेनेट डी ने दुनिया के 17 रोमांटिक शहरों में उदयपुर को फोर्थ रैंक दी है। इससे पहले जुलाई 2021 में इस पोर्टल ने ’16 मोस्ट रोमांटिक सिटीज ऑन अर्थ’ में उदयपुर को चौथा स्थान दिया था। 21 महीने में लगातार दूसरी बार उदयपुर को अपने नैसर्गिक खूबसूरती के कारण यह दर्जा मिला है। इस लिस्ट में शामिल उदयपुर इंडिया से एक मात्र सिटी है।

पोर्टल की इस लिस्ट में पहले नंबर पर फ्रांस का पेरिस, दूसरे पर इटली का वेनिस और तीसरे स्थान चीन का हांग्जो शहर है। पोर्टल ने लेकसिटी की खासियतों में यहां की मेहमान नवाजी, इंद्रधनुषी संस्कृति, झीलें, पहाड़ और हेरिटेज का जिक्र किया है, जिस देखने के लिए देश-दुनिया के लाखों मेहमान हर साल आते हैं। पर्यटन की अंतरराष्ट्रीय सूची में नाम शामिल होने से इंडस्ट्री उत्साहित है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस ब्रांडिंग से विदेशी पर्यटको के बढ़ने की भी उम्मीद हैं।

ट्रैवल पोर्टल ने लिखा है कि उदयपुर इंडिया के सबसे रोमांटिक सिटीज में से एक है। सिटी की सुखद लोकेशन वास्तव में अमेजिंग बनाते हैं। महलों-मंदिरों, घाटों और हवेलियों के गोखड़ों (झरोखों) के साथ यह राजसी वैभव लिए है। ब्लॉगर्स ने लिखा कि हमने झील के नजारों वाले झरोखों पर भोजन किया इससे ज्यादा रोमांटिक कुछ कह नहीं सकते।

इससे पहले अंतरराष्ट्रीय बिजनेस मैगजीन ने साल 2023 में घूमने के लिए दुनियाभर के 23 बेस्ट लोकेशन की सूची में उदयपुर का नाम शामिल किया। ट्रैवल पोर्टल ‘ट्रैवल ट्राइंगल’ ने मई 2022 में राजस्थान में सैर के लिए 7 डेस्टिनेशन के नाम जारी किए। इनमें उदयपुर से फतहसागर और पिछोला झील को दूसरे व तीसरे नंबर पर रखा था।