बाड़मेर में कांग्रेस विधायक रहे मेवाराम जैन के खिलाफ एक महिला ने जोधपुर के एक थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि 2021 से 22 तक उसका यौन शोषण किया गया। उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने के साथ ही उसके सामने अश्लील हरकतें भी की गईं। महिला की एक सहेली के साथ भी दुष्कर्म किया गया।

पुलिस शिकायत के अनुसार, मेवाराम जैन से संपर्क कराने से पहले एक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने महिला की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया, एक महिला थाने आई थी, जिसने बताया कि दो साल पहले जब उसके पिता बीमार पड़े तो उसकी मुलाकात राजकुमार नाम के शख्स से हुई। राजकुमार बाड़मेर का रहने वाला है तभी राजकुमार ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया और उसके साथ बलात्कार किया। बाद में उसका संपर्क बाड़मेर के कांग्रेस नेता और विधायक मेवाराम जैन से करवाया गया, जिसके बाद मेवाराम जैन ने उससे नजदीकियां बढ़ा लीं और उसके साथ दुष्कर्म किया। साल 2021 से 22 के बीच उसके साथ यौन शोषण किया।

पीड़िता ने बताया कि मेवाराम जैन उसकी नाबालिग बेटी के सामने अश्लील हरकतें करता था और उसके साथ छेड़छाड़ भी करता था। महिला का आरोप है कि मेवाराम ने उसकी एक परिचित महिला के साथ भी दुष्कर्म किया है। पहले मेवाराम उसे अपनी बेटी मानता था। तभी उसकी नियत खराब होने लगी और उसने दुष्कर्म किया। पुलिस को दी रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि मेवाराम यहां जोधपुर में उसके घर भी आता था। यहां उसके घर में भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी बेटी के सामने अश्लील हरकतें की गईं।

जोधपुर डीसीपी वेस्ट गौरव यादव ने बताया, एक महिला की ओर से थाने में रिपोर्ट दी गई है। उन्होंने मेवाराम जैन नाम के शख्स पर रेप और POCSO का आरोप लगाया है। मामले की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आरोप सही हैं या गलत। मालूम हो कि चुनाव के दिनों में बाड़मेर के इस पूर्व विधायक का एक वीडियो भी आया था। जो वायरल होने पर काफी चर्चा का विषय बन गया। हाल ही में मेवाराम जैन ‘सेक्सटॉर्शन’ के बाद मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी फंसे थे। ईडी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।