राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जैसलमेर दौरे पर हैं। वह पोखरण स्थित फील्ड फायरिंग रेंज में सेना के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में महिलाओं से बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।

राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग एवं राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद के तहत आज लखपति दीदी सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन पूनम सिंह स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूहों की 5000 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी।

जानकारी के मुताबिक राजीविका द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 45 लाख महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया है। राजीविका द्वारा ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ कार्यक्रम में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिसमें स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा।

राजीविका द्वारा संचालित आर्थिक गतिविधियों को दर्शाया जायेगा। गैर सरकारी संगठनों द्वारा पांच स्टॉल लगाए जाएंगे, जिन्होंने आजीविका संवर्धन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए राजीविका के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचे। कलेक्टर आशीष गुप्ता, एसपी विकास सागवान, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।