भरतपुर जिले के नदबई में यात्रियों से भरे टैम्पो को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो चालक और दो महिला यात्रियों की मौत हो गई। छह अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गये। घायलों को भरतपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सहायक उपनिरीक्षक रामसहाय ने बताया- हादसा आज दोपहर 1.30 बजे नदबई में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर हंतरा गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन को भगा ले गया। सोमवार दोपहर सवारी टेम्पो भरतपुर से हलैना की ओर जा रहा था। टेंपो में ड्राइवर समेत 9 यात्री सवार थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 21 पर हंतरा गांव के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना नदबई पुलिस को दी। जब तक पुलिस टेंपो चालक तक पहुंची तब तक गंधार मुड़िया निवासी हेतराम पुत्र सोहनलाल और नदबई निवासी पुष्पा पत्नी दीपचंद की मौत हो चुकी थी। दोनों के शव नदबई अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। पुष्पा नदबई से वापस गंधार जा रही थी। उनके पति चाट की दुकान चलाते हैं। पुष्पा की शादी 2005 में हुई थी। पुष्पा के चार बेटे और बेटियां हैं।

हादसे में घायल 7 लोगों को एम्बुलेंस से भरतपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल महिला कम्मो निवासी बसी कला की मौत हो गई। कम्मो अपनी मौसी से मिलने पाई गांव जा रही थी। फिलहाल परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस टक्कर कराने वाले वाहन के चालक की तलाश कर रही है।