उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई। चूरू, बीकानेर में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर गया। तापमान गिरने से इन शहरों में हल्की ठंडक बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगेगी।

इससे पहले रविवार दोपहर को चूरू, बीकानेर और फतेहपुर इलाके में हल्की बारिश हुई। सीकर में रात का तापमान गिरकर 13 डिग्री पर पहुंच गया। चूरू में भी तापमान 4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। आज पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही एक बार फिर उत्तर-पश्चिमी हवा चलनी शुरू हो जाएगी। इससे अगले कुछ दिनों में अन्य शहरों में भी तापमान गिरेगा।

वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी हवा कमजोर पड़ने से पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बढ़ गई। कल बाड़मेर और फलौदी में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जोधपुर, जालौर, कोटा, भीलवाड़ा में भी कल दिन का अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जयपुर में भी दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। इसके चलते इन शहरों में दिन में गर्मी थोड़ी ज्यादा रही।