सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती को फोन पर धमकी मिली है। धमकी देने वाली महिला बार-बार फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करती है और पैसे मांगती है। सांसद ने इसे अपने खिलाफ साजिश बताया है। उनके पीए ने दादिया थाने में महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

वैदिक आश्रम पिपराली निवासी सहायक महेंद्र कुमार (28) ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को सांसद के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आई थी। जब कॉल रिसीव हुई तो सामने से एक महिला बात कर रही थी। महिला ने बताया कि वह लक्ष्मी फाइनेंस कंपनी गुरुग्राम से बात कर रही थी।

सहायक ने बताया कि महिला अचानक गाली-गलौज करने लगी। कहा- आप मंजू देवी के गारंटर हैं, आपको जल्द से जल्द लोन का पैसा चुका देना चाहिए। पीए ने महिला को बताया कि यह सांसद सुमेधानंद सरस्वती का फोन नंबर है। इतना बताने के बाद भी महिला गाली-गलौज और धमकी देती रही। पीए ने बताया कि उन्होंने सांसद से भी बात करायी। महिला ने सांसद के साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया।

इस मामले में सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती का कहना है कि पहले भी अज्ञात महिला ने तीन-चार बार फोन कर लाखों रुपये मांगे थे। सांसद ने कहा कि कोई उन्हें बदनाम करने और फंसाने की साजिश कर रहा है। मामले की जांच एएसआई रामअवतार कर रहे हैं।