नाबालिग से दुष्कर्म मामले की जांच के लिए गुरुवार सुबह जोधपुर पुलिस बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के बंगले पर पहुंची। पुलिस ने बंगले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जोधपुर के पीपाड़ सिटी थाने में एक नाबालिग ने कुछ लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया और बताया कि गुढ़ा के बंगले पर भी उसके साथ छेड़छाड़ की गई। सीसीटीवी चेक करने के बाद पुलिस टीम वहां से निकल गई है। जब पुलिस जांच के लिए बंगले पर पहुंची तो गुढ़ा वहां नहीं थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लड़की को गुढ़ा के सरकारी बंगले के परिसर में बने गार्ड रूम में रखा गया था। पुलिस ने उस गार्ड रूम और बंगले के गेट के सीसीटीवी की जांच की है। पुलिस जांच कर रही है कि नाबालिग को गुढ़ा के बंगले पर लाया गया था या नहीं।

हालांकि जोधपुर एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पोक्सो एक्ट मामले में दो आरोपी पुलिस हिरासत में हैं, पुलिस जांच के लिए आरोपियों को लेकर जयपुर गई थी। हमें पता चला कि एक घटना स्थल जयपुर में है, पता चला कि पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने एक अस्थायी रैन बसेरा बनाया था, वही घटना स्थल है। यह प्रारंभिक जानकारी है, जांच के बाद ही ये बातें स्पष्ट हो पाएंगी।