news of rajasthan

राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़ने से रह गए थे, उनके नाम जोड़ने के लिए चुनाव आयोग ने अभियान चलाया।

अब तक वंचित पात्र लोगों को पूरक मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान शुक्रवार को समाप्त हो गया। अभियान अवधि के दौरान राज्य भर में एक लाख 47 हजार से अधिक मतदाताओं ने फॉर्म 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि ईआरओ अब इन सभी 1 लाख 47 हजार 240 आवेदनों का निस्तारण 6 नवंबर तक करेगा। पूरक सूची के साथ अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 नवंबर को निर्वाचन विभाग द्वारा किया जाएगा। 25 नवंबर को मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची में अब तक 5 करोड़ 27 लाख 96 हजार 733 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें एक लाख 42 हजार 72 सर्विस वोटर हैं।