जयपुर। प्रदेश के दौसा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मेहंदीपुर ​बालाजी में हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मेहंदीपुर बालाजी मोड़ के पास मंगलवार अल सुबह हाइवे पर खड़ी बस को जीप ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं सहित 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी मृतक जीप सवार हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 6 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया है।

हरिद्वार से जा रहे थे पाली
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जीप में सवार सभी लोग पाली के रहने वाले थे। पाली से ये लोग हरिद्वार गए थे और फिर वापस पाली लौट रहे थे। इस दौरान हादसा हुआ। हालांकि घायलों से ज्यादा जानकारी पुलिस फिलहाल नहीं जुटा सकी है। सभी लोग पाली के साणोज गांव के बताए जा रहे हैं। मृतकों में मनोज काच्छी, मोहन काच्छी, पूनम देवी, नाजु देवी और पुष्पा देवी की मौत हो गई। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस संभावना जता रही है कि चालक की नींद की झपकी के कारण यह हादसा हो सकता है।