कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को दौसा की सिकराय विधानसभा में कांग्रेस के ईआरसीपी जनजागरण अभियान में शामिल हुईं। यहां उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक के बाद एक कई तीखे हमले किए। ईआरसीपी पर प्रधानमंत्री पर अपने वादे से मुकरने के आरोप लगाने के बाद प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, सारा भाई बहनन कूं राम-राम सा। यहां आते-आते मैंने अशोक गहलोत जी से निवेदन किया है कि समय मिले तो मेहंदीपुर बालाजी जाऊं। दौसा ने देश को पंडित नवल किशोर शर्मा और राजेश पायलट जैसे नेता दिए। महिलाओं से कहा कि आज कल आपके खेतों में बहुत काम है इसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।

उन्होंने कहा, असली नेता वर्तमान और भविष्य की ओर देखता है। वह अतीत की बात नहीं करता। जो नेता सचमुच चाहते हैं कि प्रदेश और देश आगे बढ़े वह सिर्फ अपना मान सम्मान नहीं देखते। बड़ी-बड़ी बिल्डिंगे बनाना, 20 हजार करोड़ का संसद भवन बनाना यह भाजपा के नेता करते हैं। प्रधानमंत्री 8-8 हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे हैं और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग पर कहते हैं कि पैसा नहीं है। आप सोचिए कि आपकी उम्मीद थी कि वे देश की रक्षा करेंगे लेकिन हुआ क्या देश की कंपनियों को अपने पूंजीपति मित्रों को बेच दिया। जहां आरक्षण मिलता था वह भी नहीं मिलेगा। आज यह नौबत आ गई है कि प्रदेश की सरकार महंगाई राहत कैंप लगा रही है। क्योंकि देश की सरकार ने महंगाई बढ़ा दी है।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा की जब-जब चुनाव आता है वे धर्म की बात करते हैं। धर्म को कोई हिंदुस्तानी नहीं नकार सकता। पर आपको ध्यान देना होगा कि यह बात चुनाव के समय क्यों उठ रही है। जब तमाम कांग्रेस की सरकारें ओपीएस दे रही हैं तो ये क्यों नहीं दे सकते, यह आपको पूछना पड़ेगा। आपको चुनना पड़ेगा कि आपको ऐसी राजनीति चुननी है जो सिर्फ आपके जज्बातों की बात करती है, या ऐसी जो आपका काम करे। लालच, महत्वाकांक्षा की राजनीति आपको आगे नहीं बढ़ाएगी।

प्रियंका गांधी ने कहा की मैंने टीवी पर देखा, पता नहीं सच है या नहीं प्रधानमंत्री यहां देव नारायण मंदिर आए थे जब उनका लिफाफा खोला तो 21 रुपए निकले। देश में यही हो रहा है। आपको बड़े-बड़े लिफाफे दिए जा रहे हैं जब आप उसको खोलते हैं तो उसमें कुछ नहीं निकलता है। देश में यही हो रहा है। आपको बड़े-बड़े लिफाफे दिए जा रहे हैं, जब आप उसको खोलते हैं तो उसमें कुछ नहीं निकलता है।

प्रियंका गांधी ने कहा ईआरसीपी पर प्रधानमंत्री सिर्फ जुमले बाजी करते है। यह सिर्फ एक परियोजना नहीं है यहां के लिए गंगा की तरह है। आप यहां आज तक ईआरसीपी का इंतजार कर रहे हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश की 60 से अधिक बड़े बांध की परियोजनाएं बनाई। इनके बाद इंदिरा गांधी और लाल बहादुश शास्त्री ने इसको आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, जो बच्चे देश के लिए तैनात होने के लिए तैयार है और आपने अग्निवीर जैसी योजना निकाल दी। कोई बच्चा अब जाना ही नहीं चाहता। भयानक बेरोजगारी है जहां से रोजगार बन सकता था वह इन्होंने अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। गांवों में रोजगार बनते थे तो इन्होंने मनरेगा को भी कम कर दिया। जीएसटी थोपी और नोटबंदी कर दी। इंडोनेशिया से यहां कोयला लाते हैं और लाते-लाते इसके दाम दोगुने कर देते हैं। सरकार इन उद्योगपति मित्रों को मजबूत करने का काम कर रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा राजस्थान सरकार ने केंद्र सरकार की महंगाई से बचाने के लिए आपके लिए महंगाई राहत कैंप लगाए हैं। जो स्वास्थ्य बीमा आपको मिल रहा है वह देश में और कहीं नहीं है। छत्तीसगढ़ में कुछ समय पहले शुरू हुआ है वहां भी कांग्रेस की सरकार है। गैस सिलेंडर आपको 500 रुपए में मिल रहा है। उन्होंने कहा, विधानसभा चुनावों में भाजपा बिना चेहरे के लड़ रही है। प्रियंका गांधी ने इसे मुद्दा बनाते हुए पूछा, प्रधानमंत्री जब यहां आते हैं तो कहते हैं कि मेरे नाम पर वोट डालें तो क्या वे पीएम पद से इस्तीफा देकर यहां सीएम बनेंगे। क्या उन्हें यहां कोई चेहरा नहीं मिल रहा। भाजपा की सरकार यहां वापस आएगी तो पुरानी पेंशन खत्म, सोचिए गैस सिलेंडर का क्या होगा, क्या आपको 25 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा या नहीं।

प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में सीएम अशोक गहलोत की तमाम योजनाओं का जिक्र कर उनकी जमकर तारीफ की। लेकिन साथ में सचिन पायलट को भी साधने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में सब नेता खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर रहे हैं। आज पूरी भाजपा बिखरी हुई है। यहां पूरी पार्टी एक जुट होकर मंच पर बैठी है। प्रियंका बोलीं, एक तरफ गहलोत जी का अनुभव है, दूसरी तरफ सचिन पायलट जैसे युवा नेता जो आपके भविष्य की तरफ देखते हुए आपके लिए मेहनत करते हैं