भरतपुर 23 अपै्रल। तकनीकी शिक्षा एवं आयुर्वेद राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने रविवार को भरतपुर शहर की एकता विहार कॉलोनी में शहरी स्वास्थ्य कल्याण केन्द्र (जनता क्लिनिक) का शुभारंभ किया। शहर में खुलने वाली यह तीसरी जनता क्लिनिक है।

शुभारंभ के बाद आयोजित समारोह में बोलते हुये तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री की निरोगी राजस्थान सोच के तहत राज्य में नये चिकित्सा संस्थान खोलने के अलावा चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना सहित अन्य योजनाऐं भी संचालित की जा रही है इसी सोच के तहत शहरी क्षेत्रों की गरीब एवं दूर दराज की बस्तियों में जनता क्लिनिकें खोली जा रही हैं। भरतपुर शहर में 10 जनता क्लिनिकें खोली जानी है जिनमें से तीन ने कार्य शुरु कर दिया है। जिनमें सामान्य बीमारियों का उपचार के अलावा 516 तरह की निःशुल्क दवाईयां और 6 तरह की जांच व टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।

डॉ. गर्ग ने बताया कि इन जनता क्लिनिकों में चिकित्सक व पैरामेडीकल स्टॉफ कार्य करेगा। अभी यह जनता क्लिनिक किराये के भवन में संचालित हो रही है लेकिन सरकारी भवन का निर्माण प्रारंभ हो चुका है निर्माण पूरा होने के बाद इसे नये भवन में स्थानान्तरित कर दिया जायेगा।

तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे शहर के विकास में सहभागी बने ताकि विकास को और अधिक गति मिल सके। उन्होंने शहर  में कराये गये विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में पार्षद राजेन्द्र सिंह राजू ने कॉलोनी में शेष रहे विकास कार्य कराने की मांग की। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि सतीश सोगरवाल, शहर कांग्रेस कमेटी  के अध्यक्ष दयाचन्द पचौरी, सेवर ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष दीनदयाल जाटव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह सहित क्षेत्र वासी उपस्थित थे। शुभारंभ से बाद तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री ने जनता क्लिनिक का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

REPORTER- ASHISH VERMA