16 साल की नाबालिग से तीन पुलिसकर्मियों ने किया सामूहिक दुष्कर्म। पुलिसवाले लड़की के भाई को आर्म्स एक्ट में फंसाने की धमकी देते थे। मामला अलवर जिले के रैणी थाने का है। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद एसपी ने तीनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।

अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया- शनिवार शाम को दुष्कर्म पीड़िता की मां ने रैणी थाने में तैनात कांस्टेबल अविनाश मीना, राजू और मालाखेड़ा थाने में तैनात कांस्टेबल मानसिंह जाट के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है।

पीड़िता की मां ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मी उनकी बेटी के साथ 2 साल से रेप कर रहे थे। उस समय वह नाबालिग थी। उनके बेटे को आर्म्स एक्ट में फंसाने की धमकी देते थे। इसी धमकी के बल पर उसने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। 8 नवंबर 2022 को कांस्टेबल अविनाश मीणा हमारे घर आया। उस वक्त घर के लोग खेतों में काम करने गए थे। घर आकर उसने बेटी से दुष्कर्म किया। इसके बाद 23 नवंबर 2022 को अविनाश बेटी को जबरदस्ती कार में अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बेटी को दूसरे पुलिसकर्मी के घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अविनाश के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी आते थे और उसे डरा-धमकाकर सामूहिक दुष्कर्म करते थे।

पीड़िता की मां ने बताया कि रैणी पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। शनिवार को वह अपनी बेटी के साथ अलवर एसपी कार्यालय पहुंची। जहां से उन्हें राजगढ़ पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय भेज दिया गया। इसके बाद एसपी के आदेश पर रैणी थाने में सामूहिक दुष्कर्म और पोक्सो की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में एएसपी मुख्यालय डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच राजगढ़ पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह मीना कर रहे हैं।