बाड़मेर। राजस्थान में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे है। कांग्रेस के राज में अपराधियों में मन में जरा सा भी डर नहीं है। प्रदेश में अपराध इतने चरम पर पहुंच गया है कि आज महिलाएं अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है। बाड़मेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक दरिंदे युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद थिनर डालकर पीड़िता को जिंदा जला दिया। बुरी तरह झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घर में घुसकर महिला के साथ की हैवानियत
बाड़मेर जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में दलित समाज की एक विवाहिता के साथ पड़ोसी युवक ने रेप करने के बाद उसे जलाकर हत्या करने की कोशिश की। महिला को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जिसके बाद अस्पताल के बाहर परिजनों और समाज के लोगों का जमावड़ा लग गया। अस्पताल के बाहर हंगामा करने की सूचना मिलते पर पुलिस मौके पर पुलिस पहुंची और वहां मौजूद परिजनों व अन्य लोगों को समझाने की कोशिश की तो हंगामा और बढ़ गया।

पीड़िता चिल्लाने लगी तो हैवान ने जला दिया
पुलिस के अनुसार पचपदरा थाना क्षेत्र की एक ढाणी में गुरुवार दोपहर को विवाहिता को अकेली पाकर युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता जब चीखने-चिल्लाने लगी तो हैवान ने उसे जला दिया। महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे उपचार के लिए बालोतरा के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान विवाहिता ने तोड़ा दम
पचपदरा डीएसपी भी महिला के बयान लेने एम्बुलेंस के साथ जोधपुर गए। इस बीच, जोधपुर में शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पचपदरा डीएसपी मदनलाल मीणा ने बताया- आरोपी शकूर (30) पुत्र कालू खान बांगुडी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की देर रात जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मौत की खबर के बाद लोगों में आक्रोश
रेप पीड़िता को जलाने और इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। बीजेपी ने भी अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। विपक्ष कांग्रेस सरकार घेरते हुए कहा कि लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। भाजपा नेताओं ने‎ पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप‎ लगाया।

चेहरे से लेकर कमर तक 50 फीसदी जली पीड़िता
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में बालोतरा राजकीय नाहटा अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला का चेहरा व आधा शरीर बुरी तरह से झुलस चुका था। नाहटा हॉस्पिटल से डॉक्टर ने महिला को जोधपुर रेफर किया लेकिन महिला के परिजन उसे बालोतरा के निजी अस्पताल ले गए। चेहरे से लेकर कमर तक करीब 50 फीसदी तक जल गई थी।

हॉस्पिटल में परिजनों व समाज के लोगों ने दिया धरना
महिला की मौत के बाद परिजन जोधपुर में महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। आर्थिक मुआवजे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन की भी मांग है। पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी धरना स्थल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। हर संभव मदद का आश्वासन दिया।