बारां। राजस्थान के बारां शहर में कांग्रेस नगर अध्यक्ष और नगर परिषद के पूर्व उपसभापति गौरव शर्मा को कांग्रेस के ही महासचिव ने सिर में गोली मार दी। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई। बाद में वहां से गुजर रहे लोगों ने लहूलुहान हालत में गंभीर घायल नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां उनको प्राथमिक उपचार देने के बाद में कोटा रेफर कर दिया गया था। उन्हें ऑपरेशन के बाद वेंटीलेटर पर रखा गया था। इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उनके सिर का काफी हिस्सा गोली लगने से डैमेज हो गया था।

बारां में होगा अंतिम संस्कार
नगर अध्यक्ष को तत्काल कोटा रेफर कर दिया था। नगर अध्यक्ष का निजी अस्पताल में सीनियर डॉक्टर्स की देखरेख में इलाज चल रहा था। उन्हें ऑपरेशन के बाद वेंटीलेटर पर रखा गया था। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उनकी सांसे टूट गईं। अंतिम संस्कार बारां में किया जाएगा।

राजे का कांग्रेस पर हमला, सत्ताधारी पार्टी के पदाधिकारी ही सुरक्षित नहीं
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस घटना पर दुख जताते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। राजे ने कहा कि राज्य में जिस पार्टी की सरकार है उसी के नगर अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हर कोई स्तब्ध है, सरकार मौन है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब राजस्थान में सत्ताधारी पार्टी के पदाधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो फिर आम आदमी की सुरक्षा का जिम्मा कौन उठाएगा? आखिर कब तक यह सरकार प्रदेश के जंगलराज पर अपने थोथे दावों का मुखौटा लगाकर घूमेगी? सरकार जिंदा है तो जिंदा होने का एहसास कराएं।

कुछ लोगों को हिरासत
पुलिस मामले में पूरी सतर्कता बरत रही है। गौरव शर्मा इससे पहले के नगर परिषद के बोर्ड में उपाध्यक्ष भी रहे हैं। साथ ही वे ब्राह्मण संगठनों के अलावा कई और संगठन से भी जुड़े हुए थे। उनकी मौत के बाद समाज व परिवार में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

जांच में जुटी है पुलिस
लोगों ने घायल नगर अध्यक्ष को अस्पताल पहुंचाया। वहां उनके परिजनों, परिचितों और समर्थकों की भीड़ लग गई। बारां के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल कोटा रेफर कर दिया गया। एसपी चौधरी ने बताया की फिलहाल घटना को लेकर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर जांच में जुटी है।

आवासीय योजना पर विवाद हुआ था
घटना को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। बारां शहर अध्यक्ष और महासचिव पहले अच्छे दोस्त थे। साथ ही जमीन-जायदाद से जुड़े मामले में पाटनर भी थे। तलवाड़ा रोड पर एक निर्मित की जा रही आवासीय योजना पर दोनों के बीच काफी बहस हुई। इसी विवाद में महासचिव राजेंद्र मीणा ने गौरव शर्मा पर गोली चला दी जिससे गोली उनके सिर में जा लगी।