जयपुर। प्रदेश के चूरू जिले के राजगढ़ थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई ने अपने सरकारी क्वार्टर में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक एसपी तेजस्वनी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। वे मामले की जांच-पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला बताया जा रहा है, लेकिन अधिकारियों ने इस बारे में अभी कुछ भी कहने से इनकार किया है। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी वे थाने के कामों से फ्री होकर अपने क्वार्टर पर पहुंचे थे, लेकिन शनिवार सवेरे उनका क्वार्टर काफी देर तक बंद रहा। जब दरवाजा नहीं खुला तो आत्महत्या के बारे में पता चला।

हत्या के मामले की कर रहे थे जांच
जानकारी के अनुसार सुसाइड नोट में आत्महत्या की वजह नहीं बताई गई है। विश्नोई पिछले कुछ समय से तनाव में चल रहे थे। शुक्रवार देर रात तक वे हत्या के एक मामले की जांच कर रहे थे। पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र सिंह ने इस मामले को लेकर आईजी और एसपी से रिपोर्ट मांगी है। घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद आईजी जोस मोहन राजगढ़ थाने के लिए रवाना हो गए हैं। एसपी ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर शव को नीचे उतारवाया है।

वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने चूरू जिले के राजगढ़ थानाधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई की आत्महत्या पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने कांग्रेस सरकार के सिस्टम पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। राज्य सरकार तुरंत मामले की जांच करवाकर घटना के पीछे की हकीकत से पर्दा हटाए।

राजगढ़ थाना परिसर में पसरा सन्नाटा
मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। शाम तक आईजी और एसपी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे। राजगढ़ थाना परिसर में माहौल गमगीन है और वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जाएगी। उसके बाद आगे की जांच की जाएगी। आत्महत्या के क्या कारण रहे इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। घटना से जिले के पुलिस अधिकारी भी सकते हैं। विश्नोई को किस बात का तनाव था इसका भी अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। कुछ समय पहले जयपुर जिले में एक थाना अधिकारी ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।