जयपुर में शुक्रवार सुबह एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पहचान छिपाने के लिए शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। कानोता थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।

एसीपी (बस्सी) फूलचंद मीणा ने बताया- सुबह करीब 7:30 बजे कानोता के पापड़ गांव में सड़क किनारे एक महिला का अधजला शव मिला। अधजला शव देख लोगों में सनसनी फैल गयी। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। कानोता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि महिला की हत्या की गई है और पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया गया है। मृतक की उम्र करीब 25 साल है। उसका आधा चेहरा जल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

एसीपी फूलचंद ने बताया कि महिला की हत्या कहीं और की गई है। महिला की हत्या करने के बाद शव को नायलॉन के कपड़े में बांध दिया गया। देर रात शव को ठिकाने लगाने के लिए एक वाहन से पापड़ गांव में सुनसान जगह पर लाया गया। शव को सड़क किनारे फेंक कर डीजल-पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गयी। शव को आग लगते देख हत्यारे भाग गये। महिला के अधजले शव का आधा चेहरा जलने से बच गया है, उसके बायीं ओर के चेहरे पर मस्सा है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही हत्यारों की भी तलाश कर रही है।