जयपुर में दिन-दहाड़े महिला से लूट का मामला सामने आया है। घर के बाहर जबरन एक बदमाश कार में बैठ गया। चाकू की नोक पर महिला से सोने के गहने-कैश लूट कर फरार हो गया। बजाज नगर थाने में पीड़िता ने गुरुवार को मामला दर्ज करवाया है। पुलिस वारदातस्थल के आसपास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ बदमाश की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि विवेक विहार JLN मार्ग निवासी नूपुर मेहता (35) के साथ लूट की वारदात हुई। 31 जनवरी की शाम करीब 4 बजे वह बजाज नगर स्थित ICICI बैंक ATM से रुपए निकालने गई थी। 5 हजार रुपए निकालने के बाद वह 15 मिनट बाद कार से घर पहुंच गई। घर के सामने कार को पार्क कर रही थी। इसी दौरान एक बदमाश आया और अचानक गेट खोलकर अंदर सीट पर बैठ गया।

बदमाश ने अपनी जेब से चाकू निकालकर गर्दन पर लगा दिया। चाकू की नोक पर बदमाश ने कानों के सोने के टाप्स और अंगूठी उतरवा लिए। गहने और पर्स में रखे 7 हजार रुपए निकालकर बदमाश तेजी से भाग निकला। वारदात से घबराई पीड़िता दौड़ते हुए घर के अंदर घुसी। अपने परिजनों को लूट की वारदात के बारे में बताया। बजाज नगर थाने जाकर पीड़िता ने गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है।