पति-पत्नी की टांके में डूबने से मौत का मामला सामने आया है। पत्नी को टांके में गिरता देख पति उसे बचाने के लिए टांके में कूद गया। टांके में कीचड़ और पानी होने के कारण दोनों फंस गए और उनकी मौत हो गई। घटना सोमवार शाम को बाड़मेर गिड़ा थाने के जाजवा भीमगांव की है। दोनों के शवों को टांके से निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जाजवा सरपंच के अनुसार गिड़ा थाना क्षेत्र जाजवा भीमगांव निवासी पवनी देवी (26) पत्नी मोहन घर से करीब 50 मीटर दूर टांके पर पानी भरते समय फिसल गई। पत्नी को टांके में गिरता देख पति मोहन पत्नी को बचाने के लिए पीछे से टांके में कूद गया।

लेकिन नीचे खाई में पानी और कीचड़ होने के कारण दोनों फंस गये। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में दोनों के शवों को बाहर निकाला गया और गीडा अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल दोनों के शव घर पर ही पड़े हुए हैं। अभी पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। वहीं, सूचना विवाहिता के पीहर पक्ष को दी गई।

गीडा पुलिस अधिकारी बगडूराम के मुताबिक पति-पत्नी की मौत की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई है। पुलिस को अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक पति-पत्नी की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। एक बेटा 3 साल का और दूसरा बेटा 2 साल का है। जबकि मृतक मोहन के पिता अंधे हैं। मोहन की मौत से दोनों बेटे अनाथ हो गये। घर में मातम छा गया।