जयपुर। राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे है। चुनाव को लेकर बीते कुछ महीनों से सियासी माहौल गर्माया हुआ है। कांग्रेस में बीते चार साल से कुर्सी की लड़ाई चल रही है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट की की खेमेबाजी खत्म होे का नाम नहीं रही है। हालांकि अभी तक भारतीय जनता पार्टी में भी सीएम फेस का ऐलान नहीं किया गया है। बीते कुछ दिनों से सूबे की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को लेकर उनके समर्थक और आम जनता मांग कर रहे है​ कि उनको सीएम फेस घोषित किया जाए। एक बार फिर राजे के करीबी विधायक व पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा ​है कि बीजेपी को सिर्फ वो ही पार लगा सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश से आए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, आमजन एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात की है।

पीएम मोदी के दौर को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी वर्तमान मालवीयनगर विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओ में उत्साह है और इससे लगता है कि 2 लाख से ज्यादा भीड़ वहां उमड़ेगी। वहीं, जयपुर से भी करीब 20 हजार लोग पीएम मोदी को सुनने अजमेर जाएंगे।

अबकी बार आएगी 185 सीट
पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा है कि लोगों में इंतजार है कि कब चुनाव आए और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस सरकार रिपीट करने के बयान का पलटवार करते हुए कहा कि यह मुंगेरी लाल के हसीन सपने जैसा है। इस बार बीजेपी विधानसभा चुनाव जीतेगी और पिछली बार 163 सीट आई थी, लेकिन अबकी 185 सीट आएगी।

मैं बीजेपी और वसुंधरा, दोनों का करीबी : सराफ
वसुंधरा राजे के करीबी कह जाने वाले कालीचरण सराफ ने कहा कि मैं सबके करीबी हूं और मैं बीजेपी के भी ज्यादा करीबी हू। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। एक थी, एक है और एक ही रहेंगी।

राजे को नजरअंदाज करने के सवाल पर दिया ये जवाब
वसुंधरा राजे को नजरअंदाज करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बैठकों में वो नहीं आती है, कोई उन्हें नजरअंदाज नहीं कर रहा यह सिर्फ गलतफहमी है। वसुंधरा राजे को उसी प्रकार अहमियत दी जा रही है और वो पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी है।

राजे ने की विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों से की मुलाकात
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेशभर से आए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, आमजन एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात की है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर लिखा कि आज जयपुर आवास पर प्रदेशभर से मिलने पधारे विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, आमजन एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनके विचार सुने तथा आगामी कार्य योजना पर चर्चा की।

राजे ने भाजपा नेता भंवर लाल शर्मा को दी श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने भाजपा नेता भंवर लाल शर्मा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर लिखा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य रहे स्व.भंवर लाल शर्मा जी का सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा एवं संगठन की विचारधारा को समर्पित रहा। उनके आदर्शों से हमारे युवाओं तथा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र की उन्नति में अपने जीवन की एक-एक सांस समर्पित करने की सीख सदैव मिलती रहेगी। पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धासुमन।