जयपुर पुलिस ने लड़कियों को लूटने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश शादी की वेबसाइट पर युवतियों की प्रोफाइल देख उन्हें फंसाता था। झांसा देकर उनका रेप करता। फिर गहने और रुपए ठगकर भाग जाता। सांगानेर पुलिस ने हरियाणा स्थित अंबाला निवासी सैयद शाह खावर अली (27) को गिरफ्तार किया है। प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपी सैयद ने बताया- वह अब तक 50 से अधिक लड़कियों के साथ मेट्रीमोनियल साइट्स के जरिये मुलाकात कर ठगी कर चुका हैं।

डीसीपी ईस्ट ज्ञान चंद यादव ने बताया- आरोपी सैयद शाह शादी की वेबसाइट पर लड़कियों को निशाना बनाता है। 6 मई को सांगानेर पुलिस थाने में एक पीड़िता ने रिपोर्ट दी कि उसने शादी के लिए अपना बॉयोडाटा मेट्रीमोनियल साइट्स पर डाला। जिस पर आरोपी सैयद ने उसे खुद को दिल्ली हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट का एडवोकेट बताया। साथ ही सिंगापुर में अपना बिजनेस बताया। इसके बाद दोनों के बीच बात होने लगी।

जयपुर की युवती के गहने और घड़ी चुरा ले गया

27 अप्रैल को आरोपी सैयद उससे मिलने के लिए जयपुर आया। जयपुर में अलग-अलग बहाने बनाकर रूका। 6 मई को लड़की से मिलने जयपुर में उसके फ्लैट पर पहुंचा। सोने का नया कड़ा बनावाने का बहाना कर घर पर गहने रखने की जगह देख ली। इस दौरान लड़की के किसी बहाने से फ्लैट के बाहर भेज तिया। रुपए और सोना निकाल लिया। फिर युवती को अर्जेंट काम बोलकर निकल गया। जाते समय आरोपी युवती के सोने के गहने और महंगी घड़ी चुराकर ले गया। युवती को शक हुआ तो उसे गहने गायब मिले।

पीड़िता ने फोन कर आरोपी से पूछा तो पहले आरोपी ने मना किया। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी मान गया। बाद में फोन बंद कर लिया। इस पर पीड़िता ने तुरंत सांगानेर थाना पुलिस को खुद के साथ हुई ठगी की जानकारी दी। इस पर सांगानेर थाना पुलिस ने पूरे मामले की गम्भीरता को देखते हुए स्पेशल टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की। फोन लोकेशन ट्रेस कर तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।

50 से अधिक लड़कियों के साथ कर चुका धोखाधड़ी

पुलिस पकड़ में आए बदमाश सैयद ने बताया- वह अब तक 50 से अधिक लड़कियों के साथ धोखाधड़ी कर चुका हैं। लड़कियों को अपनी मीठी बातों में फंसा कर वह पहले उनका विश्वास जीतता है। फिर कोई बहाना लगाकर उस जगह चला जाता है। जहां पर लड़की रहती हैं। कुछ दिन लड़की से मिलता है। इस दौरान अपनी बातों से फंसा लेता हैं। इससे लड़की उस पर भरोसा करने लगती हैं। फिर जैसे ही उसे मौका मिलता है। मौका मिलते ही जेवरात, नगदी, महंगे सामान लेकर फरार हो जाता हैं। लड़कियों के साथ यौन शोषण करने की भी बात पुलिस को बताई है।

पुलिस जांच में सामने आया- आरोपी सैयद का पुराना मकान दिल्ली के लाजपत नगर में है। वहां के एड्रेस से सिम लेता है। हर तीन-चार महीने में मेट्रीमोनियल साइट्स पर नई लड़कियों को फंसाता है। दिल्ली में इस मामले में आरोपी सैयद गिरफ्तार भी हो चुका है।