आखिरकार वसुंधरा गुट के नेता देवी सिंह भाटी की बीजेपी में वापसी हो गई. रात 10 बजे भाटी, श्रवण कुमार चौधरी, भागचंद सैनी, बीएल रिणवां भाजपा में शामिल हुए। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने पार्टी में शामिल करवाया।

इस मौके पर भाटी ने कहा कि मैं 5 साल बाद बीजेपी में लौटा हूं। पार्टी ने मुझे गले लगा लिया है। कुछ परिस्थितियों के कारण मैं कुछ बिंदुओं पर अलग हो गया था। मेरी वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा हुई। जो भी गिले-शिकवे थे वो दूर हो गए हैं। मैंने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से भी बात की है। हम दोनों संतुष्ट हैं। हम सब मिलकर 2023 में भाजपा की सरकार बनाएंगे।

भाटी के साथ पार्टी में शामिल होने वालों में भागचंद सैनी बांदीकुई से बीजेपी प्रत्याशी थे। सीएलसी कोचिंग के निदेशक श्रवण चौधरी और गेटवेल हॉस्पिटल सीकर के डॉ. बीएल रिणवां भी भाजपा में शामिल हुए। 2019 के लोकसभा चुनाव में अर्जुनराम मेघवाल को बीकानेर से उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज होकर देवी सिंह भाटी ने पार्टी छोड़ दी थी। जिसके बाद उन्होंने मेघवाल के खिलाफ खुलकर प्रचार भी किया। काफी समय से उनकी पार्टी में वापसी की चर्चा चल रही थी। आख़िरकार आज देवी सिंह भाटी घर लौट आये।