जयपुर। मध्यप्रदेश के दतिया में मां पीतांबरा का प्राकट्य दिवस मनाया गया। दतिया गौरव दिवस के रूप में मनाए गए। इस उत्सव में माई की रथयात्रा शाम छह बजे नगर भ्रमण पर निकली। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे मध्यप्रदेश स्थित दतिया में पीतांबरा माता की जयंती में शामिल हुईं। राजे पीतांबरा माता ट्रस्ट की अध्यक्ष भी हैं। इसकी शुरुआत शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने माई के रथ को खींचकर की। रथ में पीतांबरा माता और स्वामीजी महाराज विराजित थे।

चीन युद्ध भी माता के कारण खत्म हुआ
वसुंधरा राजे का कहना है कि बगलामुखी माता के दर्शनों से उनकी हर मुश्किलें आसान हुई हैं। राजे ने कहा कि जब 1962 में भारत पर चीन ने हमला कर दिया था, तब दूसरे देशों ने भारत का साथ देने से मना कर दिया। उस समय इस संकट से बचने के लिए मंदिर में महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस यज्ञ के 11 वें दिन जब पूर्णाहूति डाली जा रही थी, तभी चीन ने बॉर्डर से अपनी सेना वापस बुला ली थी। इसके बाद जब जब भी देश पर संकट आए तब हर बार मंदिर में अनुष्ठान किए गए।

मंदिर को और अधिक भव्य बनाने के लिए चौहान से अनुरोध
राजस्थान की बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मंदिर को और अधिक भव्य बनाने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान से अनुरोध किया। राजे ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत इस मंदिर में आराधना करके की थी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दतिया के पीतांबरा पीठ में प्रति गहरी आस्था है।

रंग बिरंगी लाइट और अष्ट धातु से तैयार किया मां का रथ
मां पीतंबरा का रथ 6 फीट चौड़ा, 11.6 फीट ऊंचा और अष्ट धातु से तैयार किया गया है। सुनहरे और सिल्वर कलर के भव्य रथ पर पीतांबरा माई विराजमान हैं। रथ को रंगीन लाइटिंग के साथ-साथ सिल्वर कोट किया गया है। मंदिर को भी लाइट के सात फूलों से सजाया था। इसके लिए इंदौर से फूल मंगवाए गए थे।

माई के जयकारें से गूंजा पूरा परिसर
मां की यात्रा को निहारने के लिए दोपहर से भक्तों की भीड़ मंदिर के बाहर उमड़ पड़ी। जैसे ही शाम 4 बजे मंदिर के उत्तर द्वार से माई का भव्य रथ सजा कर भक्तों के बीच लाया गया, माई के जयकारें से पूरा परिसर गूंज उठा। मंच से कलाकार भजनों की प्रस्तुति दे रहे थे। यहां भजनों पर भक्त जमकर झूमे। भीड़ इतनी ज्यादा था कि इसे संभालने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस दौरान ड्रोन भी उड़ाए गए। मंच स्थल पर कलेक्टर संजय कुमार और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे।

हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल
माई की रथ यात्रा पर इस बार हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए। नगर परिषद भांडेर के पूर्व अध्यक्ष बल्ले रावत ने बताया कि दिल्ली से हेलिकॉप्टर बुलाया गया था, जो दोपहर तीन बजे हवाई पट्टी पर उतरा। यात्रा के शुरू होते ही हेलिकॉप्टर द्वारा यात्रा मार्ग पर फूलों की बरसात हुई। इसके लिए आगरा से डेढ़ क्विंटल गुलाब के फूल भी मंगाए गए थे।

राजे ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर जताया दुख
वसुंधरा राजे ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख जताया है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर लिखा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह जी बादल का निधन अत्यंत दुखद है। स्व.बादल साहब जीवन पर्यंत देश और पंजाब की सेवा में समर्पित रहे। वाहेगुरु दिवंगत की आत्मा को शांति दे व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें।