बगरू विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. कैलाश वर्मा के समर्थन में जगतपुरा में चुनावी सभा का आयोजन किया गया। जिसे पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने सम्बोधित किया। संबोधित करते हुए राजे ने कहा कि कांग्रेस ने खेतों के पास कृषि प्रसंस्करण इकाइयां लगाने, सरकार बनने पर बेरोजगारी भत्ता देने, हर जगह जनता क्लीनिक खोलने, पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ।

हरियाणा और पंजाब से पेट्रोल और डीजल की तस्करी हो रही है क्योंकि वहां डीजल और पेट्रोल राजस्थान से सस्ता है। कांग्रेस सरकार कहती है कि हमने 100 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी है।जबकि सच्चाई ये है कि फ्यूल सरचार्ज के नाम पर जनता से 56.5 करोड़ रुपये वसूले गए। पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा टैक्स वसूला गया और 100 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी गई। यानी आपकी जेब काटने के बाद आपका पैसा आपको लौटा दिया जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा कर दिया है।

हमारी भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन, भामाशाह, लोकतंत्र सेनानी पेंशन, गौरव पथ, न्याय आपके द्वार, अन्नपूर्णा रसोई, अन्नपूर्णा भंडार, टोल फ्री सड़कें, लड़कियों के लिए स्कूटी, राजश्री जैसी कई योजनाएं आज भी लोगों को याद हैं। इनमें से कई योजनाओं को इस सरकार ने बंद कर दिया है या उनका नाम बदल दिया है।

कांग्रेस सरकार ने एक हजार करोड़ की बीसलपुर पेयजल परियोजना को रोककर बगरू की जनता को परेशान किया है और पिछले पांच साल में राजस्थान में बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और कागजी मामलों में प्रदेश की छवि खराब हुई है। इसलिए अब आपको अपने वोट की चोट से कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकना है और सुशासन के लिए भाजपा को लाना है।

इस मौके पर जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, जयपुर देहात दक्षिण जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर, बगरू भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रामबाबू छीपा, पश्चिम मोती राम गोदारा, संयोजक राजेश शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।