राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है और कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है, जहां बीजेपी ने दूसरी सूची में 83 उम्मीदवारों की घोषणा की है। वहीं, कांग्रेस ने 33 नामों का ऐलान किया है।

बीजेपी ने कुछ नेताओं की सीटें बदल दी हैं तो कुछ के टिकट काट दिए हैं। इसके अलावा दोनों पार्टियों ने कई बड़े नेताओं को टिकट देने का भी फैसला किया है। हालांकि, इस सूची में कई ऐसे नेताओं के नाम भी शामिल हैं जिन पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।

झालरापाटन विधानसभा सीट से बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर नेता वसुंधरा राजे को मैदान में उतारा है। वहीं आमेर से सतीश पूनिया को टिकट मिला है। कांग्रेस की बात करें तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा सीट से अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं, सचिन पायलट एक बार फिर टोंक से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को लक्ष्मणगढ़ और सीपी जोशी को नाथद्वारा से टिकट मिला है।

बीजेपी ने वसुंधरा राजे के कई करीबियों को टिकट दिया है।इनमें प्रताप सिंह सिंघवी, अशोक डोगरा, नरपत सिंह राजवी, श्रीचंद कृपलानी, कालीचरण सराफ, कैलाश वर्मा, सिद्धि कुमारी, हेम सिंह भड़ाना, अनिता भदेल, कन्हैया लाल लाल और सिद्धि कुमारी के नाम शामिल हैं।