प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सिंधिया गुरुवार को प्रतापगढ़ जिले के गौतेश्वर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रतापगढ़ विधानसभा प्रत्याशी हेमन्त मीना के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार झूठे वादे करती है और उन्हें पूरा नहीं करती।

वसुंधरा राजे ने आगे कहा कि 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने सरकार बनने के 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी। बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की भी बात हुई। जो आज तक पूरा नहीं हो सका है। पूर्व सीएम राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बेरोजगार युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान 19 प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट हुए थे।

कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। सरकार के मंत्रियों के विधायकों ने भी भ्रष्टाचार के सारे आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान राज्य बलात्कार में नंबर वन है। पूर्व सीएम ने सभी मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हेमन्त मीना को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रतापगढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र बोरदिया और उनके साथ कई कार्यकर्ताओं का भारतीय जनता पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नंदलाल मीना, जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत, प्रत्याशी हेमन्त मीना, भाजपा विधानसभा प्रभारी अनिलकुमार झा सहित स्थानीय पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।