पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे सोमवार रात गुलाबपुरा पहुँची। राजे ने गुलाबपुरा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जब्बर सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले राजे का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल के शासनकाल में राज्य की हालत पूरी तरह खराब हो गयी है। कानून व्यवस्था के नाम पर लूट मची हुई है। किसानों का कर्ज माफ करने का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस न तो किसानों का कर्ज माफ कर सकी और न ही युवाओं को रोजगार दे सकी। इसके विपरीत प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।

प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। अब कांग्रेस 7 गारंटी लेकर घूम रही है, अगले 5 साल तक घूमती रहेगी। सभा को प्रत्याशी जब्बर सिंह ने भी संबोधित किया। इससे पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे का नारे लगाकर और फूलों की माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। सांसद सुभाष बहेड़िया, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।