राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गणेश मंदिर में अभिषेक में शामिल होने पहुंचीं। वसुंधरा ने मंदिर महंत कैलाश शर्मा से आशीर्वाद भी लिया। नतीजों से पहले वसुंधरा राजे की इस सक्रियता के मायने निकाले जा रहे हैं।

मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया- पुष्य नक्षत्र के अवसर पर भगवान गणेश जी महाराज को 151 किलो दूध, 21 किलो दही, साढ़े 5 किलो घी, 21 किलो गन्ने का रस, शहद और केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा और गुलाब के इत्र से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का पंचामृत से अभिषेक कर शुद्ध जल से स्नान कराकर भगवान गणेश का विशेष शृंगार किया गया। सुबह 11 बजे गणपति सहस्त्रनाम का पाठ कर गणेश जी महाराज को 1008 मोदक का भोग लगाया गया।

सुबह 8:00 बजे वसुंधरा राजे मोती डूंगरी मंदिर पहुंचीं। 9:45 बजे तक मंदिर में रही। वसुंधरा के साथ जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा और मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी कालीचरण सराफ भी मौजूद थे। इसके बाद वसुंधरा राजे दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचीं और दर्शन किए।