वसुंधरा राजे ने अपने सरकारी आवास पर प्रदेशभर से आई महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधावाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे से पहले जयपुर में वसुंधरा राजे का यह कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान वसुंधरा राजे ने कहा कि मैं राजस्थान छोड़ने वाली नहीं हूं। मैं यहीं रहूंगी और लोगों की सेवा करूंगी।

वसुंधरा राजे ने महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधावाया। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद महिलाओं का जोश देख कर यह तय है कि नारी शक्ति का यह प्रवाह राजस्थान की महिला विरोधी कांग्रेस सरकार को बहा कर ले जाएगा। पूर्व सीएम ने कहा कि वे बोली रक्षासूत्र यूं तो कच्चा धागा है, पर मज़बूत और अटूट है। मेरे लिए सुरक्षा कवच है। इसमें राजस्थान की संपूर्ण महिलाओं की शक्ति है जो मुझे हर मुश्किल को पार करने का हौसला देगा। प्रदेशवासियों की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

राजे ने कहा कि भगवान कृष्ण ने द्रौपदी को आशीर्वाद देते हुए कहा था कि जब उसे सबसे ज्यादा जरूरत हो तो वह उनकी मदद ले सकती है। जब कौरवों ने द्रौपदी का अपमान किया, तो उसने भगवान कृष्ण से मदद मांगी. लोगों ने यह सोचकर उसका मज़ाक उड़ाया कि वह उसकी मदद करने नहीं आएंगे, लेकिन वह आए।

पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा कि यह धागा उसे ही बांधे जो इस धागे का धर्म निभाये, जैसे भगवान कृष्ण। उन्होंने कहा कि समाज रूपी बगीचा तब ही खूबसूरत दिखेगा. जब उसमें सभी किस्मों के फूल समान भाव से खिलेंगे। अब मिलकर एक ऐसा राजस्थान बनाएं, जहां हमारी बेटियां बेखौफ़ अपना बचपन जी सकें। हमारी बहनें बिना किसी बाधा के अपने सपने पूरे कर सकें। हमारी माताएं सम्मान के साथ सिर ऊँचा करके चल सके।

वसुन्धरा राजे ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। वसुंधरा राजे ने कहा कि मैं महिला आरक्षण बिल लाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहती हूं। राजे ने कहा कि मोदी जी ने महिला आरक्षण बिल के माध्यम से यह स्पष्ट किया है कि मातृशक्ति की भागीदारी के बिना किसी भी राष्ट्र के नव निर्माण की कल्पना अधूरी है। इसकी मांग काफी समय से की जा रही है। राजे ने कहा कि मैं इस कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहती हूं। ये लंबे समय से महिलाओं की मांग रही है।