पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे रविवार को एक बार फिर राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर बरसी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार, दलित अत्याचार, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मामले में राजस्थान आज देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पापों का घड़ा भर चुका है, जो आने वाले विधानसभा चुनाव में फूटने वाला है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने रविवार दोपहर चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा कृषि उपज मण्डी परिसर में पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार, दलित अत्याचार, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मामले में राजस्थान आज देश में पहले स्थान पर है।

राजे ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मणिपुर की महिलाओं की चिंता है, लेकिन राजस्थान की महिलाओं की चिंता नहीं है, जहां उनकी कांग्रेस पार्टी के संरक्षण में हर दिन लगभग बीस महिलाओं की ईज्जत पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी राजस्थान की जनता हमारी ढाल बनकर खड़ी रही, नहीं तो ये साढ़े चार साल आसानी से नहीं गुजरते। बाधाएं भी आईं, लेकिन आपके साहस के आगे टिक नहीं सकीं।

राजे ने अपने कार्यकाल के दौरान भामाशाह योजना, अन्नपूर्णा योजना, मुख्यमंत्री जल स्वालंबन योजना का जिक्र किया। उन्होंने शायरी के अंदाज में कहा कि जनता का प्यार हमसे कोई नहीं छीन सकता, बेफ़िक्र हैं हम, आईने सा किरदार रखते हैं, फ़िक्र वो करे जो चेहरे एक नहीं दो चार रखते है। इस दौरान श्रीचंद कृपलानी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में राजे ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं में सबसे बड़ा अंतर यह है कि बीजेपी के नेता जनता की भलाई करने में विश्वास रखते हैं, जबकि कांग्रेस के नेता अपने फायदे के बारे में सोचते हैं।

राजे ने कृपलानी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी ईमानदारी, पीड़ित मानवता की सेवा, जनता से सीधे जुड़ाव की सराहना करते हुए उनके राजनीतिक जीवन के बारे में बताया। उन्होंने छोटीसादड़ी क्षेत्र में हुई चार राजनीतिक हत्याओं पर भी रोष जताया और उदयपुर में हुए कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। इससे पहले हेलीपैड पहुंचने पर राजे का कृपलानी सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया। जहां से जिला परिषद सदस्य गब्बरसिंह अहीर, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट के नेतृत्व में विशाल वाहन रैली के साथ उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।

रास्ते में राजे ने राजमाता सिंधिया, महाराणा प्रताप और पूर्व उपराष्ट्रपति भैरूसिंह शेखावत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर राजा के काफिले का स्वागत किया। शहर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, युवा मोर्चा अध्यक्ष कपिल चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती शर्मा, पूर्व विधायक अशोक नवलखा के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों, सरपंचों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने 21 किलो की माला पहनाकर राजे का स्वागत किया।