जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को एक ही चरण में हो गया है। अब अगले महीने 3 दिसंबर को परिणाम जारी किया जाएगा। इससे पहले प्रमुख राजनीतिक दल भी अपना-अपना आकलन करने में जुटे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रदेशाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता प्रदेश भर से पार्टी प्रत्याशियों और पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर सीटों का आंकलन करते रहे। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने दावा किया कि उन्हें बहुमत मिल गया है और मतगणना की औपचारिकता बाकी है। उधर, भाजपा ने दावा किया कि पार्टी को कम से कम 135 सीटें मिलेंगी। हालांकि, भाजपा की कद्दावर नेता और राज्य की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने अभी से ही सीएम पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं।

विधायक गुट कर रही हैं मजबूत
खबर है कि वसुंधरा राजे देव दर्शन के नाम से दूसरी बार यात्रा पर निकल पड़ी हैं। इस दौरान उन्होंने अपने सभी विधायकों से अभी से मिलना शुरू कर दिया है। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि परिणाम से पहले ही वसुंधरा अपना विधायक गुट मजबूत कर रही हैं। बता दें कि चुनाव प्रचार की शुरुआत से ही वसुंधरा के समर्थक उन्हें भावी सीएम बता रहे हैं।

बांसवाड़ा में विशेष पूजा
पूर्व सीएम राजे ने बांसवाड़ा में त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में करीब 1 घंटे तक राजयोग के लिए पूजा अर्चना की। दो पंडितों द्वारा विशेष पूजा अर्चना कराई गई और माता को श्रृंगार किया गया। वसुंधरा ने बांसवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी धन सिंह रावत, कैलाश मीणा , मानशंकर निनामा, भीमा डामोर को मंदिर में आरती कराई और माता जी को श्रृंगार सामग्री चढ़ाया हुआ पान का प्रसाद खिलाकर सभी को आशीर्वाद दिया।

1 घंटे से तक गर्भ गृह में की विशेष पूजा
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में हुए भारी मतदान के बाद देव दर्शन के लिए निकली पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी में विशेष पूजा अर्चना की। करीब 1 घंटे से अधिक समय तक मंदिर के गर्भ गृह में विशेष पूजा अर्चना की और भाजपा की सफलता के लिए प्रार्थना की।

मंदिर के गेस्ट हाउस में में लिया फिडबेक
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंदिर के गेस्ट हाउस में भाजपा प्रत्याशियों और पदाधिकारियों के साथ मतदान को लेकर फीडबैक लिया। इसके साथ ही आगे की रणनीति को लेकर मंथन किया गया। हालाकि प्रत्याशियों के साथ क्या चर्चा की इस पर सभी खामोश हैं।

मेंहदीपुर बालाजी मंदिर में पूजा अर्चना का था कार्यक्रम
इससे पूर्व वह प्रतापगढ़ भी पहुंची, जहां पर महादेव मंदिर में भाजपा प्रत्याशियों के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद पूर्व उनका मेंहदीपुर बालाजी मंदिर में पूजा अर्चना का कार्यक्रम तय है। हालांकि बाद में निजी कारणों का हवाला देते हुए पूर्व सीएम ने मेंहदीपुर बालाजी मंदिर का कार्यक्रम रद्द कर दिया।

महिला मतदान बढ़ा
चुनाव आयोग से जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 75.45 फीसदी मतदान हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव (2018) में 74.71 फीसदी वोट पड़े थे। बड़ी बात यह है कि गत वर्ष के मुकाबले महिला मतदान बढ़ा है, जबकि पुरुष मतदान में कमी आई है।

जनता की पहली पसंद हैं वसुंधरा राजे
सीएनएक्स की ओर से किए गए ओपिनियन पोल में लोगों से पूछा गया था कि उनके लिए सीएम पद की पहली पसंद कौन है? बड़ी संख्या में लोगों ने बीजेपी ओर से वसुंधरा राजे को सीएम के रूप में पसंद किया है। हालांकि अशोक गहलोत को भी कई लोगों ने अपनी पसंद बताया। पोल में सचिन पायलट, गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्यवर्धन सिंह राठौड और दीया कुमारी को सबसे कम सीएम पद के लिए पसंद किया है।