पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने अनूपगढ़ के घड़साना मंडी में सभा को संबोधित किया। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी संतोष बावरी के समर्थन में सभा का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2 बजे वसुंधरा राजे हेलीपैड पर पहुंचीं। जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

वसुंधरा राजे ने अपने संबोधन की शुरुआत अनूपगढ़ की धरती को नमन करते हुए की। राजे ने कांग्रेस सरकार पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा- कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अपना वादा पूरा नहीं किया। वहीं, किसानों की कर्जमाफी को लेकर वसुंधरा ने कहा कि कांग्रेस अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सिर्फ वादे करना जानती है, उन्हें पूरा करना नहीं जानती। इसके अलावा महिला अत्याचार, दलित उत्पीड़न और पेपर लीक के मुद्दे पर भी कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा-भाजपा सरकार ने पहले किसानों के अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का काम किया था, जबकि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिल पाया है। अपने संबोधन में वसुंधरा ने 6ए के किसानों को भरोसा दिलाया है कि बीजेपी सरकार आते ही 6ए की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और उन्हें बड़ी राहत दी जाएगी.

वसुन्धरा राजे ने कहा- बीजेपी के कार्यकाल में सूरतगढ़ से अनूपगढ़ तक 100 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाकर बीजेपी ने अनूपगढ़ की जनता को बड़ा तोहफा दिया है। अपने संबोधन में उन्होंने जनता से अनूपगढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी संतोष बावरी को भारी बहुमत से जिताने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा चुनाव जीतेंगे।

सभा को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने सबसे पहले अनूपगढ़ की धरती को प्रणाम किया और कहा कि अनूपगढ़ आकर उन्हें पुराने दिनों की याद आती है। सभा को संबोधित करने के बाद जैसे ही वसुंधरा राजे अपने स्थान पर जाने लगीं, तभी 4 केएलएम (बी) निवासी महावीर मंच के पास आए और जोर-जोर से रोने लगे। मंच के पास किसान को रोता देख वसुंधरा राजे किसान के पास पहुंचीं। जब किसान से रोने का कारण पूछा गया तो किसान ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने उसका पानी बंद कर दिया है, जिसके कारण उसके खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा है और उसके घर में पीने का पानी नहीं है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने भाजपा पदाधिकारी को किसानों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये।