पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे आज उदयपुर दौरे पर रहीं। सुबह उन्होंने उदयपुर शहर के शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया और उसके बाद वह लसाड़िया पहुंचीं जहां उन्होंने सभा में राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधा। लसाड़िया में उन्होंने धरियावद के पूर्व विधायक स्वर्गीय गौतम लाल मीना की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया।

बैठक में उन्होंने कहा कि किसानों को बिल्कुल बिजली नहीं मिल रही है और सरकार 100 यूनिट बिजली बिल माफ कर रहे हैं, राजे ने कहा कि बिजली तो नहीं आ रही लेकिन बिलों में करंट आ रहा है। राजे ने कहा कि जब जहाज डूबने लगता है तो हर कोई खुद को बचाने के लिए जहाज से कूदकर भाग जाता है, कांग्रेस सरकार का यही हाल है, उसे डूबने से कोई नहीं बचा सकता।

राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार ने लसाड़िया और धरियावद में दोनों सरकारी कॉलेजों में से एक का भी नाम विधायक गौतम लाल के नाम पर नहीं रखा। हम उनके नाम पर एक कॉलेज का नाम रखेंगे, यह हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गौतम लाल मीना हमेशा जनता से जुड़े रहे और जनता ने भी उन्हें भरपूर स्नेह दिया।

उन्होंने गहलोत सरकार पर कहा, यह सरकार झूठे वादों की सरकार है, धरियावद के मूंगाणा में उपचुनाव के लिए तहसील और पंचायत समिति की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक किसी भी तरह की कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किसी राज्य में हो रहा है तो वह राजस्थान में हो रहा है। उन्होंने कई मुद्दों पर गहलोत सरकार को आड़े हाथों लिया।

राजे ने कहा कि अब समय आ गया है। 2003 और 2013 को दोहराने का काम करना है। हमें गौतम लाल मीना के बेटे कन्हैया जैसे युवाओं के हाथ मजबूत करने हैं। सरकार ने भाजपा सरकार की योजनाओं का नाम बदल दिया है, अब सबक सिखाना होगा। अंत में उन्होंने जय-जय राजस्थान का नारा भी लगाया।

दिवंगत विधायक मीना की प्रतिमा का अनावरण करते समय राजे की आंखें नम हो गईं। बैठक में यह भी कहा गया कि गौतम लाल को कभी दुखी या गुस्से में नहीं देखा गया, हमेशा हंसते हुए देखा गया। गौतम और मेरे बीच भाई-बहन का रिश्ता था। राजे ने मंच पर दिवंगत विधायक की पत्नी हीरा देवी मीना को अपने पास बैठाया। लसाड़िया पहुंचने पर राजे का स्वर्गीय गौतम मीना के पुत्र कन्हैयालाल मीना और पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी नहीं पहुंच सके, इसलिए उन्होंने वर्चुअली संबोधित किया।

कार्यक्रम में धोलागढ़ मठ के पीठाधीश्वर योगी प्रकाश नाथ महाराज, उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीना, पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधायक गोपीचंद मीना, अर्जुन लाल जीनगर, ललित ओस्तवाल, हरेंद्र निनामा, पूर्व प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीना, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, प्रमोद सामर, उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली, पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, लसाड़िया प्रधान लीला देवी मीना, फतेह सिंह झाला, लसाड़िया मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह झाला आदि मौजूद थे।