जयपुर। राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने गुरुवार को नागौर में खरनाल स्थित वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन किए। मंदिर ट्रस्ट को राजे ने 21 लाख रुपए की राशि भेंट की। दो दिन पहले मंगलवार को आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर आरोप लगाए थे कि राजे ने 2008 में तेजाजी मंदिर के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। तेजाजी दर्शन करने के बाद राजे कालवी गांव पहुंचीं। जहां उन्होंने दिवंगत राजपूत नेता लोकेंद्र सिंह कालवी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राजे का खाटू में जनसभा करने का कार्यक्रम है।

राजे ने कहा-मैं अपने वादे कभी नहीं भूलती
राजे ने आज कहा कि वे अपने वादे कभी नहीं भूलती हैं। नागौर सांसद बेनीवाल ने आरोप लगाया था कि सीएम अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे का पुराना गठजोड़ है। 15 साल बाद राजे को तेजाजी याद आए। लेकिन यहां की जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी। उधर, नागौर दौरे पर आरएलपी के उप-प्रधान ने पार्टी बदलने के संकेत दे दिए।

बेनीवाल ने किया था ट्वीट
हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट में कहा था- तेजाजी को भूलने वाली राजे आज यहां की जनता को साधने में लगी हैं। लेकिन ऐसा होगा नहीं। राजे ने साल 2008 में 11 लाख रुपयों की घोषणा की थी, वो तो वे भूल ही गईं। जब जनाधार खिसकने लगा तो उन्हें खरनाल याद आया। लेकिन जनता इसका हिसाब देगी।

वीर तेजाजी के दर्शन कर भेंट किए 21 लाख
बेनीवाल ने मंगलवार को ट्वीट किया और राजे आज तेजाजी के दर्शन करने खरनाल पहुंचीं। जहां मंदिर ट्रस्ट को 11 लाख की बजाय 21 लाख रुपए दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर का विकास प्राथमिकता है। राजे ने कहा कि मैं जो वादा करती हूं वो कभी भूलती नहीं। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि नागौर में पानी का संकट था। हिमालय का पानी सबसे पहले मैंने ही नागौर की जनता को पिलाया था। इस मौके पर युनुस खान ने भी मंदिर ट्रस्ट को एक लाख रुपए दिए।

आरएलपी उप-प्रधान ने माला पहनाई
इससे पहले हाईवे के एक ढाबे पर कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सिंह चौधरी ने खींवसर के आरएलपी उप-प्रधान रामसिंह बागड़िया से राजे को माला पहनवा दी। बागड़िया ने इशारों ही इशारों में बीजेपी जॉइन करने के संकेत दे दिए। बागड़िया ने कहा कि वे कॉलेज समय से पीएम मोदी के समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जनता के हित में पार्टी के मायने को ऊपर मानते हैं।

महिलाओं का राजे ने किया धन्यवाद
राजे का नागड़ी गांव के हाईवे पर बने मंडा पेट्रोल पम्प पर भी स्वागत किया गया। जहां पर बीजेपी नेता नवीन मंडा की अगुवाई में राजे का स्वागत किया गया। इस दौरान राजे ने कहा कि मुझे लगा नागौर में भीड़ नहीं होगी। लेकिन यहां तो आपने पूरा इंतजाम कर दिया। इसलिए सभी को धन्यवाद दिया। इस गर्मी में जहां पुरुष बाहर नहीं निकलते हैं वहां महिलाएं बाहर निकलीं हैं, उनका भी धन्यवाद। इसके बाद राजे ने सभी से खरनाल पहुंचने की अपील की।