जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में इस समय सियासी बवंडर आया हुआ है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट पार्टी से उड़ान भरने के संकेत दे रहे हैं। माना जा रहा है कि वे 11 जून को अपने पिता की जयंती पर इसका ऐलान कर देंगे। वहीं इसी बीच भारतीय जनता पार्टी में बदलाव की आंधी आने के आसार नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगले 2-3 दिनों में पार्टी के संगठन में बड़े बदलाव होने वाले हैं।

संगठन महामंत्री बीएल संतोष और अरुण सिंह के साथ बैठक
संगठन में बदलाव की ख़बरों के बीच प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दिल्ली में हैं। दिल्ली में उनकी राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह के साथ बैठक हुई है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन में होने वाले बदलावों में विस्तार से चर्चा हुई है। इसके साथ ही खबर है कि वसुंधरा राजे कई अन्य बड़े नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं।

ब्राह्मण, दलित, जाट और क्षत्रिय समीकरण
सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में ब्राह्मण, दलित, जाट और क्षत्रिय को साधने की तैयारी हो रही है। इसके लिए राजसमंद सांसद दीयाकुमारी, भरतपुर सांसद रंजीता कोली चूरू सांसद राहुल कस्वां और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के नामों पर ये भी चर्चा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। इसके अलावा सत्ता से कुछ लोगों को संगठन में भी भेजा जा सकता है।

आने वाले दिनों मे होगी अहम बैठक
राजस्थान बीजेपी संगठन में अगले कुछ दिनों में कुछ अहम बदलाव हो सकते है। दो दिन पहले हुई एक अहम बैठक जिसमें जेपी नड्डा और अमित शाह भी मौजूद थे। आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के बारे में चर्चा हुई थी।

सियासी गलियारों में चर्चा जारों पर
राजस्थान की राजनीति को लेकर सियासी गलियारों में जो चर्चाएं चल रही है उसकी कई वजहें है। पहली तो ये कि सीपी जोशी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से संगठन या कार्यकारिणी के स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में युवा मोर्चा से लेकर महिला मोर्चा समेत करीब 7 बड़े मोर्चों के नए मुखिया चुने जा सकते है। इसमें जातिगत गणित और चुनावों के समीकरणों को ध्यान रखा जाएगा। विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ 6 महीने का समय बचा है। ऐसे में संगठन को पूरी तरह से सक्रिय करने पर जोर दिया जा रहा है।

झारखंड दौरे पर जाएंगी राजे
सूबे की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे 10 जून को तीन दिन के लिए झारखंड के दौरे पर भी जाएगी क्योंकि पार्टी की ओर से महासंपर्क अभियान का झारखंड में प्रभारी बनाया हुआ है। देवघर में 10 जून को नजसभा को संबोधित भी करेगी। 11 जून को बाबा वैद्यनाथ के मंदिर में पूजा अर्चना करेगी।