जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान में महिलाओं और दलितों के खिलाफ हो रहे अत्याचार को लेकर प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा कि वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं, दलितों और बच्चियों के साथ सबसे ज्यादा आपराधिक घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार आई है प्रदेश कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपराधियों के मन में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश खुले आम बेखौफ घूम रहे है। प्रदेश में कायम जंगल राज से जनता काफी दुखी है। आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस का सबक सिखाएंगी।

54 महीने में 10 लाख से ज्यादा अपराधिक घटनाएं
राजस्थान की दो बार सीएम रह चुकीं वसुंधरा राजे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते पिछले 54 महीने में 10 लाख से ज्यादा अपराधिक घटनाएं हुई हैं। 7.5 हजार निर्दोषों लोगों की हत्या हुई है। इतना ही नहीं महिलाओं के साथ अत्याचार और दुष्कर्म के 2 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। जिसमें से दुष्कर्म की तकरीबन 33 हजार घटनाएं हुई हैं। जो कि देश की 22 प्रतिशत है। दुष्कर्म की घटनाओं में राजस्थान देश में नंबर वन प्रदेश बन गया है।

कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल
5 बार की लोकसभा सांसद रहीं वसुंधरा राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ घटनाएं हो रही है, लेकिन सब चुप है। बोलने के लिए कोई तैयार नहीं है। राजस्थान में हर दिन औसतन 18-19 रेप और 5-7 हत्या की घटनाएं हो रही हैं और ये रोकने में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है।

बच्चियां सुरक्षित नहीं
वसुंधरा राजे ने कहा कि स्थिति यह है कि आदमी बच्चियों को नहीं छोड़ रहे हैं और हमारी सरकार बच्चियों को सुरक्षित नहीं रख पा रही है। जब बच्चियां स्कूल जाती हैं तो मां-बाप डरते हैं कि हमारी बच्चियां स्कूल से वापस सुरक्षित आएगी या नहीं, मां-बाप चिंतित रहते हैं। यह उस राजस्थान की परिस्थिति है यह जहां महिलाओं के ऊपर सिर आंखों पर रखा जाता था।

आंखें मूंदकर बैठी है कांग्रेस सरकार, शर्म होती तो इस्तीफा दे देते
4 बार विधायक रह चुकीं राजे ने कहा कि जब यह सरकार आई तो उसके कुछ दिन बाद ही थानागाजी मे रेप कांड हुआ था। उस घटना में उन्होंने दुष्कर्म तो किया ही लेकिन उसके साथ उसका वीडियो बनाकर उस वीडियो को वायरल करने का घिनौना काम भी किया। इसके बाद जब भाजपा पीछे लगी, तब इस मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में सरकार की ओर से कोई एक्शन नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार आंखें मूंदकर बैठी है, यदि शर्म होती तो इस्फीदा दे देते।

‘सरकार को कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं’
ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाली राजे ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राजस्थान की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्थान में रोजाना बढ़ते अपराध एक नया रिकॉर्ड कायम कर रहे है। वहीं पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलवाया जा रहा है और रोहिंग्या को बसाने के लिए उन्हें राशन कार्ड दिया जा रहा है। ऐसे में इस सरकार को अब कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री के घर के पास महिला का दुष्कर्म
राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री के घर से 5 किलोमीटर दूर वैशाली नगर में 10 साल के बेटे के सामने एक महिला के साथ दुष्कर्म होता है। उसके बाद उसके ऊपर पेट्रोल डालकर जला दिया जाता है। करौली में एक लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ, उसके बाद उसे गोली मार दी गई। उस पर तेजाब डालकर उसे कुएं में फेंक दिया गया। इसी तरह अलवर में सिख बच्ची के साथ गैंगरेप होता है और उसका मर्डर कर दिया जाता है। वहीं एक दलित युवती के साथ गैंगरेप किया गया जिसमें पुलिसवाले भी शामिल थे।

रक्षक ही बन गए भक्षक
उन्होंने कहा कि वह बच्ची गूंगी-बहरी थी यानी रक्षक ही भक्षक बन गए। दौसा में अपहरण का मामला सामने आया जब उसका विरोध माता-पिता ने किया तो पिता को कुचल दिया। मां के ऊपर हमला करके उसे घायल कर दिया। उसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया। राजे ने कहा कि यह सब घटनाएं कब और कैसे रुकेंगी।

कांग्रेस के सारे वादे झूठे, जनता मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि हर मोर्चे पर विफल कांग्रेस सरकार के लगभग सारे वादे आज प्रदेश की जनता के साथ छलावा ही साबित हुए हैं। कांग्रेस सरकार भले ही विकास के झूठे दावे कर खुद की पीठ थपथपा रही हो। लेकिन सच्चाई यही है कि इस सरकार ने प्रदेश में विकास की रफ्तार को रोकने के साथ-साथ लोगों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित कर दिया है तथा हर कोई खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

दो गुटों में बंटी सरकार से किसान, युवा, व्यापारी सहित सभी दुखी
राजस्थान की सबसे प्रभावशाली नेता राजे ने कहा है कि राज्य में ऐसा कोई दिन नहीं है जब दुष्कर्म की खबर नहीं आती। ओलावृष्टि से किसान परेशान हैं, स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है और बेटियां असुरक्षित हैं। अपने वादों से कोसों दूर, दो गुटों में बंटी यह सरकार अपनी कुर्सियां बचाने में जुटी हुई है। राजे के अनुसार, राजस्थान में किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी तथा कर्मचारी सहित हर वर्ग पिछले साढे चार साल के दौरान फैली अराजकता से व्यथित है।