जयपुर। भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार के खिलाफ देश की 26 विपक्षी दलों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए ये सभी दल इकट्ठे हो गए हैं। विपक्षी दलों के इस महागठबंधन को I.N.D.I.A नाम दिया गया है, जिसपर बीजेपी लगातार हमलावर है। इसी क्रम में अब राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। वसुंधरा राजे ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा है कि नाम बदलने से कारनामे नहीं बदल जाते।

नाम बदलने से कारनामे नहीं बदल जाते
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर लिखा, ‘कमाल है, जिन्होंने 60 साल भ्रष्टाचार व घोटालों से हमारे भारत को शर्मसार किया। देशवासियों द्वारा नकारे जा चुके उन लोगों ने अपने गठबंधन को I-N-D-I-A नाम दिया है। नाम बदलने से कारनामे नहीं बदल जाते। आपकी नीयत और नीति से जनता वाकिफ है।

राजे ने भ्रष्टाचार राहत कैंपों पर तंज कसा
राजे ने बीते दिनों गहलोत सरकार के महंगाई राहत कैंपों पर तंज कसा। पूर्व सीएम ने कहा था कि संपूर्ण समाज का जो भला कर सके, ऐसे लोगों का ही साथ दो, ताकि हम आपकी फिर से सेवा कर सके। पूर्व सीएम ने कहा कि विश्नोई समाज के 20वें नियम में है-अहंकार का त्याग। जो नये-नये राजनीतिज्ञों में होता है। हल्दी की गांठ क्या मिल जाती है, पंसारी समझ लेते है। ना छोटों से सद व्यवहार और ना बड़ों का सम्मान। मगर हमारी पार्टी में ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि 12वां नियम है-चोरी नहीं करना। भ्रष्टाचार एक किस्म की चोरी ही है, जहां बिना पैसे काम नहीं होते, वहां महंगाई कैसे कम होगी? लगाना ही है तो भ्रष्टाचार राहत कैंप लगाएं। महंगाई अपने आप कम हो जायेगी।

INDIA पर पहले भी आई BJP नेताओं की प्रतिक्रिया
बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने ‘इंडिया’ नाम पर कहा था कि देश में 140 करोड़ भारतवासी हैं, केवल 26 पार्टी के लोग ही यहां नहीं रहते हैं। भारत सबका देश है। 26 पार्टी के लोग अगर अपने आपको ‘इंडिया’ कहते हैं तो इससे बड़ा मजाक का विषय कुछ और नहीं हो सकता। वहीं, सुशील मोदी ने भी कहा था कि विपक्ष के INDIA का मुकाबला NDA का भारत करेगा।

पीएम मोदी ने EIC से की थी तुलना
विपक्ष महागठबंधन के INDIA नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी रिएक्शन सामने आया। उन्होंने कहा कि इंडिया नाम ले लेने से ही काम नहीं हो जाता। ईस्ट इंडिया कंपनी ने भी अपने नाम में ‘इंडिया’ लगाया था और इंडियन मुजाहिद्दीन भी ‘इंडिया’ का इस्तेमाल करता है। पीएम ने कहा कि विपक्ष बिखरा हुआ और दिशाहीन है। उनके रवैये से ऐसा लग रहा है कि वह काफी समय तक सत्ता में आने के इच्छुक नहीं हैं।