पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस जनता को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में बने रहना चाहती है, लेकिन जनता जानती है कि यह वही कांग्रेस है जिसने पिछले चुनाव में किसानों का कर्ज दस दिन में माफ करने का वादा किया था। जो पांच साल में भी पूरा नहीं हुआ। वादाखिलाफी के कारण सैकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हमने कोई वादा नहीं किया था, फिर भी हमारी सरकार ने किसानों की हालत देखकर किसानों का 27.15 लाख किसानों का 700 करोड़ का कर्जा माफ किया।

राजे ने झालावाड़ के हरनावदा गजा, ढाबला भोज, दांता, बोलिया बारी, सरखेड़ी, रामपुरिया, शेरपुर, चंवली, रायपुर समेत डेढ़ दर्जन गांवों में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे पांच साल तक झालावाड़ की उपेक्षा की। कांग्रेस और हममें यही अंतर है, वे विकास में राजनीति करते हैं, जबकि हम राजनीति में विकास करते हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि राजस्थान के अच्छे दिन आने वाले हैं। बस कुछ ही दिनों की बात है। राजस्थान का नव निर्माण होगा। कमल फिर खिलेगा।

उन्होंने कहा कि बीजेपी झूठे वादे नहीं करती, कांग्रेस झूठे वादे के बिना आगे नहीं बढ़ती। पेपर लीक के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी राजस्थान में है। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव के दौरान काम करती है, बाकी समय में नहीं, जबकि हम हमेशा सेवा में लगे रहते हैं। कांग्रेस लोगों को रुलाती है। हम लोगों के आंसू पोछते हैं। लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते है।