जयपुर। राजस्थान में चुनावी वर्ष और झारखंड में मिली महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे का ‘देव-दर्शन’ जारी है। उनका भक्तिमय अंदाज़ एक बार फिर देखने को मिला, जब वे उत्तराखंड दौरे के दौरान ऋषिकेश पहुंचीं। राजे ने परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचकर संत मुरलीधर जी महाराज और स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज की ओर से राम कथा वाचन का श्रवण किया। उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया और हवन अनुष्ठान में आहुति दी। उन्होंने गंगा घाट पहुंचकर गंगा मैया का पूजन भी किया।

अशोक गहलोत और सचिन पायलट पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच चल रही तकरार पर तंज कसा है। भाजपा की वरिष्ठ नेता ने कहा कि भगवान राम और भरत के इस देश में कुर्सी के लिए किस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, इसे सभी लोग देख रहे हैं। कुर्सी के लिए कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच किस तरह लड़ाई चल रही है, यह किसी से छिपी हुई नहीं है।

सिंहासन के लिए लंबे समय से संघर्ष
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश भगवान राम और भरत का है। अपने पिता दशरथ की आज्ञा का पालन करते हुए राम 14 वर्ष के वनवास के लिए चले गए थे। भरत को सिंहासन पर बैठाने की कोशिश की गई मगर भरत ने त्याग की मिसाल पेश की थी। उन्होंने अपने बड़े भाई भगवान राम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखकर ही राज किया। इन दो भाइयों के त्याग की मिसाल आज भी दी जाती है और दूसरी ओर राजस्थान का हाल देखिए जहां सिंहासन के लिए दो नेताओं के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है।

कुर्सी के लिए हथकंडे अपना रहे
वसुंधरा ने कहा कि आज सभी लोग इस बात को देख रहे हैं कि कुर्सी के लिए किस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप के जरिए एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है। सच्चाई तो यह है कि इन लोगों के मुख में राम और बगल में छुरी है। मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए ये दोनों नेता किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार दिख रहे हैं।

धर्म-राजनीति के साथ होने पर मिलता है राम राज्य
धार्मिक आयोजन के दौरान अपने संबोधन में पूर्व सीएम राजे ने अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। राम राज्य की कल्पना तभी साकार होती है जब धर्म और राजनीति साथ चले, इसलिए राम को अपने मन में बसाइए। फिर देखिए, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं में भरेंगी जोश
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झारखंड के दौरे जा रही है। अगले साल 2024 के आम चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा महाजनसंपर्क अभियान चला रही है। एक महीने के इस कार्यक्रम में भाजपा जन जन तक पहुंच पीएम मोदी के कार्यों का बखान कर रही है। इसी कड़ी में वसुंधरा राजे झारखंड आ रही हैं।

कई कार्यक्रम में शामिल होंगी राजे
उनका तीन दिन का झारखंड का दौर है। इस दौरान वे देवघर, दुमका और गिरिडीह में कार्यक्रम में शामिल होंगी। देवघर और दुमका में लोगों से संवाद करने के बाद वसुंधरा राजे 14 जून को गिरिडीह पहुंचेंगी। इसी मिशन 2024 को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने प्रत्येक लोकसभा का जिम्मा अलग अलग राष्ट्रीय नेताओं को दिया है।