आज से 15वीं राजस्थान विधानसभा का आठवां सत्र शुरू हुआ। 15वीं विधानसभा का यह अंतिम सत्र होगा। करीब पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्र की शुरूआत में द्रौपदी मुर्मू ने सदन को संबोधित किया। राजस्थान के इतिहास में यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति का अभिभाषण राजस्थान विधानसभा में हो रहा है।

आज विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वंसुधरा राजे भी जयपुर पहुँची। विधानसभा जाने से पहले राजे ने जयपुर स्थित EHCC अस्पताल पहुंचकर यहां भर्ती पूर्व विधायक मनोहर सिंह लाडनू की कुशलक्षेम पूछी तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसी EHCC अस्पताल में पूर्व उप राष्ट्रपति स्व. श्री भैरों सिंह शेखावत जी के भाई श्री लक्ष्मण सिंह जी की पत्नी व केबिनेट मंत्री श्री प्रताप सिंह खाचरियावास जी की पूज्य माताजी हिम्मत कंवर भी भर्ती थी। वंसुधरा राजे ने उनसे भी मुलाकात कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद राजे विधानसभा सत्र में भाग लेने सदन पहुँची।

राजस्थान विधानसभा सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के दौरान पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की सदन में करीब दो मिनट तक मुलाकात हुई। इस दौरान वहां मौजूद एक विधायक का कहना है कि पूरी बातचीत अंग्रेजी में हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का हालचाल पूछा।

वसुंधरा राजे खड़ी थीं और सचिन पायलट जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने राजे का अभिवादन किया और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। वहां दोनों तरफ बीजेपी और कांग्रेस के कई विधायक खड़े थे। इस मुलाकात और बातचीत के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।