news of rajasthan
UP CM Yogi said, Congress does not have development in DNA.

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजस्थान की केकड़ी विधानसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण नीति पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार धार्मिक स्थलों के विकास को रोकने के लिए उन पर प्रतिबंध लगाती है।

उन्होंने कहा कि आपने काशी में विश्वनाथ, उत्तराखंड में केदारनाथ और मध्य प्रदेश में महाकाल मंदिर का विकास कार्य देखा होगा। ये सारा काम भारत के विश्वास को मजबूत करने का कार्यक्रम है। जो केवल भाजपा सरकार ही कर सकती है।
इस दौरान यूपी के सीएम योगी ने अपने 15 मिनट के भाषण की शुरुआत अपने चिर-परिचित अंदाज में ‘भारत माता की जय और वंदे मातरम के जय करो’ से की। जैसे ही योगी मंच पर संबोधन के लिए पहुंचे, पंडाल में बैठी भीड़ ने योगी-योगी के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान योगी ने लोगों से बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने को कहा। योगी ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है।

उन्होंने लोगों से सवाल करते हुए कहा, क्या कांग्रेस ये काम कर सकती है, क्या कांग्रेस कभी हिंदुओं को सम्मान दे सकती है, क्या कांग्रेस आपकी आस्था को सम्मान दे सकती है, क्या कांग्रेस देश को सम्मान दे सकती है? बिल्कुल नहीं, देश का विश्वास और सम्मान सिर्फ बीजेपी ही दे सकती है।

सीएम योगी ने भ्रष्टाचार पर कांग्रेस को जमकर घेरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों और गरीबों को हर तरह की राहत दी है। जबकि राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर है। राजस्थान में कांग्रेस ने जमकर लूट मचाई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार से पहले कांग्रेस सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा था। पता ही नहीं चल रहा था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क।

योगी ने वसुंधरा सरकार और गहलोत सरकार की तुलना करते हुए कहा कि आपने दोनों शासनकाल देखे हैं। भाजपा शासन में जहां विकास हुआ है। वहीं कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का बोलबाला रहा है। उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा की गारंटी केवल भाजपा सरकार ही दे सकती है। विकास का आश्वासन दे सकते हैं।

योगी ने अपने भाषण में राजस्थान को वीरों की भूमि बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत को सबसे बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित किया है। लेकिन राजस्थान को पीछे नहीं रहना चाहिए। इसीलिए मैं आपके बीच आया हूं और भारत के विकास में राजस्थान की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि इस बार भाजपा की सरकार चुनकर डबल इंजन की सरकार बनाकर देश के विकास में अपना योगदान दें।

उन्होंने बिना नाम लिए मौजूदा कांग्रेस विधायक रघु शर्मा पर भी निशाना साधा और कहा कि इस बार भ्रष्ट नेता की जमानत जब्त होनी चाहिए। इस दौरान जब योगी कार्यक्रम में पहुंचे तो आम लोगों ने ‘योगी-योगी’ के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने उनका माला, पगड़ी और पुष्प गुच्छों से स्वागत किया। मंच पर संत समाज समेत बीजेपी के कई नेता और पदाधिकारी भी मौजूद थे।