अजमेर के गेगल थाना इलाके में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता ने दो युवकों पर शराब के नशे में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी चूनाराम जाट को शिकायत देकर गेगल थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने 22 नवंबर को एसपी चुनाराम जाट को शिकायत दी, जिसमें उसने बताया कि वह गेगल थाना क्षेत्र में रहती है। 19 नवंबर को उसका पति काम पर गया था और वह अकेली थी। इसी दौरान खुशमल और नंदा नाम के व्यक्ति शराब के नशे में आए और जबरदस्ती उसके घर में घुस आए और उसके साथ दुष्कर्म किया।

दोनों आरोपियों ने पहले भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था, जिसके कारण उसने अपना निवास स्थान बदल लिया था। लेकिन दोनों आरोपियों ने उसे दोबारा ढूंढ लिया और दुष्कर्म किया।

पीड़िता का आरोप है कि जब वह इस संबंध में गेगल थाने गई तो वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। एचपी चुनाराम जाट ने मामले पर संज्ञान लेते हुए गेगल थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच ग्रामीण सीओ मनीष बड़गुजर कर रहे हैं।