जयपुर में एक कोचिंग छात्रा से दो दोस्तों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर छोड़ने के बहाने दोनों आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। फ्लैट पर ले जाकर उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। फिर अश्लील वीडियो बना लिया. नाबालिग कोचिंग छात्रा को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया गया। बजाज नगर थाना पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे फरार साथी की तलाश जारी है।

मालवीय नगर एसीपी संजय शर्मा ने बताया- सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में निवाई टोंक निवासी विक्रम सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया है। मामले में फरार हर्ष उर्फ रोहित की तलाश की जा रही है। टोंक निवासी 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। वह बजाज नगर स्थित एक हॉस्टल में रहकर संस्थान में पढ़ाई कर रही है। आरोपी हर्ष उर्फ रोहित और विक्रम सिंह उर्फ विक्की उसके दोस्त हैं।

अगस्त-2023 में दोनों आरोपी कार में इंस्टीट्यूट जाते समय मिले। उसे यह कहकर छोड़ने का बहाना बनाया कि वह टोंक स्थित गांव जा रहे है। नाबालिग कोचिंग छात्र घर जाने को तैयार हुई तो उसे कार में बैठा लिया। दोनों आरोपी उसे बहाने से प्रताप नगर सांगानेर स्थित फ्लैट पर ले गए।

दोनों आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही मोबाइल में उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वे हॉस्टल से चले गए। 22 सितंबर को हॉस्टल के बाहर से उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गये। उसी फ्लैट में ले जाकर दोबारा दुष्कर्म किया।

दिवाली पर आरोपी विक्रम गांव स्थित घर पहुंचा। जबरन चलने का दबाव बनाने पर पीड़िता के भाई ने आकर बचाया। जिसके बाद पूछे जाने पर नाबालिग पीड़िता ने अपनी आपबीती अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने निवाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। निवाई पुलिस में शिकायत के बाद बजाज नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार की रात छापेमारी कर आरोपित विक्रम सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया।