जयपुर में पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर पति ने शादी के 6 महीने बाद आत्महत्या कर ली। गुरुवार शाम पति का शव कमरे में लटका मिला। साथ ही एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें मृतक ने मौत का जिम्मेदार पत्नी को बताया है। उसमें लिखा था- इसकी तस्वीर मीडिया को भेजो, ताकि दूसरों के घर खराब न हों। अस्पताल से मेरी पेमेंट ले लेना और मेरी मां को ही देना। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

मालवीय नगर SHO पूनम कुमारी ने कहा- सीकर के खाटूश्यामजी निवासी भंवर सिंह के बेटे गोविंद सिंह (30) ने आत्महत्या कर ली है। करीब 6 महीने पहले उसकी शादी दीपा कंवर से हुई थी। दोनों पति-पत्नी मालवीय नगर के झालाना इलाके में किराए पर रहते थे। दोनों एपेक्स सर्किल स्थित एक निजी अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। दोनों सफाई का काम करते थे। गुरुवार को दोनों पति-पत्नी काम पर गये थे। शाम करीब चार बजे गोविंद अस्पताल से काम खत्म कर घर आया। गेट को अंदर से बंद कर आत्महत्या कर ली।

शाम करीब साढ़े छह बजे गोविंद की पत्नी दीपा घर लौटी। काफी खटखटाने और आवाज देने के बाद भी गोविंद ने गेट नहीं खोला। दीपा ने मकान मालिक को गोविंद के गेट न खोलने की बात बताई। मकान मालिक समेत पड़ोसियों ने धक्का देकर गेट तोड़ दिया। कमरे के अंदर जाकर देखा तो गोविंद फंदे पर लटका हुआ था। आत्महत्या की सूचना पर मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।