कोटा. आरकेपुरम थाना क्षेत्र के रतकांकरा के पास शुक्रवार शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली में बैठे दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। उन्हें नए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र के दसालिया गांव निवासी बाबूलाल भील को रथकांकरा स्थित मंदिर पर भोजन का कार्यक्रम करना था। इसलिए उसने गांव के ही हिराजी गुर्जर का ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लिया था। उसके परिजन व समाज के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से गुरुवार को रथकांकरा के लिए निकले थे। शुक्रवार दोपहर में रसोई कार्यक्रम करके वापस गांव लौट रहे थे। टैक्टर में चालक के अलावा बाबूलाल व उसका रिश्तेदार रामचन्द्र बैठा था। जबकि अन्य सभी लोग ट्रॉली में थे। दौलतगंज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इससे ट्रॉली में बैठे दो दर्जन लोग घायल हो गए।

हादसे में आकाश, मनभर, पीरू, मानी बाई, रेखा, संतोष, शिशुपाल, देवराज रजाकांता, अमरलाल, धापूबाई, राकेश, सीताराम, कन्या, पांचीबाई, शंकरीबाई, कालूराम सहित 20-25 लोग घायल हो गए। उनके हाथ-पैरों में चोटें आई हैं। घायलों को एम्बूलेंस से नए अस्पताल लेकर गए और भर्ती कराया। वहां उनका उपचार चल रहा है।

उधर बाबूलाल ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक प्रभूलाल भील ने ट्रैक्टर को गलफल तरीके व तेज गति से चलाया इस कारण ट्रॉली पलटी। उसने आरकेपुरम पुलिस थाने में इसका परिवाद दिया है। थानाधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि पुलिस टीम ने घायलों को संभाला और भर्ती कराया। परिवाद पर मामले की जांच की जा रही है।