जयपुर। प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार ने गुरुवार आधी रात को ब्यूरोक्रेसी की सबसे बड़ी सर्जरी करते हुए 103 आईएएस अधिकारियों को बदल डाला। तबादलों की इस जम्बो सूची में किसी आईएएस अधिकारी की मलाईदार कुर्सी छिन गई तो किसी को ‘डंप’ कर दिया गया। सीएम ने अपने चहेते अफसरों का खास ध्यान रखा है। वहीं मनमर्जी करने वाले और सही ढंग से काम नहीं करने वाले कुछ अधिकारियों से उनकी कुर्सी छिनकर साफ संदेश दे दिया गया है। बूंदी जैसे छोटे से जिले के कलक्टर अंतर सिंह नेहरा को सीधे जयपुर जैसे सबसे अहम जिले की कमान सौंपी गई है तो अजमेर जैसे प्राइम जिले के कलक्टर विश्वमोहन शर्मा को भू प्रबंध आयुक्त जैसी ठंडी पोस्ट पर लगाया गया है।

विश्वेंद्र सिंह उठाए सवाल
पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने एक बार फिर सरकार में रहते हुए ‘सरकार विरोधी’ तेवर दिखा दिए हैं। इस बार उन्होंने सरकार की ओर से जारी हुई 103 आइएएस अफसरों के तबादल सूची पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने खासतौर से कुम्हेर एसडीएम के तबादले पर नाराजगी जाहिर की। हमेशा की तरह ट्विटर पर प्रतिक्रिया साझा की। पर्यटन मंत्री ने बार-बार तबादले करने और बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को बदले जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री विश्वेन्द्र ने दो ट्वीट किये। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘हे भगवान! एसडीएम कुम्हेर का ट्रांसफर कर दिया गया, आखिर हम निरंतरता क्यों नहीं रख सकते? वे इतना बेहतरीन काम कर रहे थे।’ वहीं एक अन्य ट्वीट में उन्होंने वरिष्ठ आइएएस अफसर आलोक गुप्ता को पर्यटन महकमें का नए प्रमुख सचिव बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, ’आइएएस आलोक गुप्ता को पर्यटन विभाग का प्रमुख सचिव लगाया गया है, वे मेरे दूसरे विभाग देवस्थान में भी रहे हैं।‘

103 आइएएस की जम्बो तबादला सूची जारी
गहलोत सरकार ने गुरुवार देर रात एक आदेश जारी करते हुए भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों की जम्बो तबादला सूची को हरी झंडी दे दी। कार्मिक विभाग की ओर से जारी सूची में 103 आइएएस अफसरों को इधर-उधर किया गया है। सरकार की तबादला सूची इस मायने से भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें मुख्य सचिव तक को बदल दिया गया है, वहीँ सालों से महकमों में जमे सीनीयर अफसरों को नई ज़िम्मेदारी दी गई है। जारी हुए आदेश के मुताबिक़ प्रदेश के नए मुख्य सचिव आईएएस राजीव स्वरूप होंगे। वे डीबी गुप्ता की जगह लेंगे। गुप्ता को फिलहाल किसी पद पर नहीं लगाया गया है। वे तीन माह बाद रिटायर हो रहे हैं। वहीँ सरकार ने 5 संभागीय आयुक्त, 17 जिला कलेक्टर, 5 जिला परिषद सीईओ और तीन एसडीएम को भी बदल दिया है। कोरोना महामारी को लेकर सरकार के मिशन की मुख्यमंत्री के साथ प्रबंधन संभाल रहे चिकित्सा विभाग के एसीएस रोहित कुमार सिंह को भी नई ज़िम्मेदारी दी गई है। उन्हें मुख्य सचिव बनाए गए राजीव स्वरूप की जगह गृह विभाग की कमान दी गई है। जयपुर में प्रमोटी आईएएस अंतर सिंह नेहरा को कलेक्टर लगाया गया है।