पाली के सादड़ी में एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के चलते मेहमानों के खाने में जहरीला पदार्थ और हड्डियां मिला दीं। इसके बाद आरोपी ने कहा कि आज उसका बदला पूरा हो गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामला सेवटा बेरा उप बस्ती का है।

दीपाराम गरासिया ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा राणाराम मानसिक रूप से बीमार है। 13 जुलाई को उनका निधन हो गया। 24 जुलाई को उनके घर पर शोकसभा हुई। इसके लिए खाना भी बनाया गया था। शाम पांच बजे से ही लोगों और मेहमानों का आना शुरू हो गया। इस दौरान उसके घर से 500 मीटर दूर रहने वाला गेमाराम (55) पुत्र सोमाराम बिना बुलाए वहां आ गया। एक महिला ने गेमाराम के खिलाफ खेत में घुसकर लज्जा भंग करने और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। इससे गेमाराम नाराज था।

गेमाराम ने यहां आकर रसोई के बारे में पूछा और वहां चला गया। इसी बीच उसने अपनी जेब से कुछ सामान निकाला और दाल के बर्तन का ढक्कन हटाकर उसमें डाल दिया। साथ ही बाटियों में हड्डियां मिला दी गईं। इसके बाद गेमाराम ने कहा कि अब सब खाना खाओ और मजे करो, आज मैंने अपना बदला ले लिया है। दीपाराम ने बताया कि दाल में पदार्थ गिराने से दाल नीली हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि गेमाराम ने दाल में जहर मिलाया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गेमाराम को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

 

दीपाराम ने बताया कि घटना के बाद हमें खाना फेंकना पड़ा। जिससे उसे 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। बैठक में आए लोगों को बिना खाना खाए ही लौटना पड़ा। एएसआई मूलाराम मीना ने बताया कि मामले की सूचना पर हम मौके पर पहुंचे। गेमाराम के खिलाफ गांव की एक महिला ने मामला दर्ज कराया था। वह उस महिला के कार्यक्रम में आने से नाराज था। इसका बदला लेने के लिए गेमाराम वहां पहुंचा और खाना खराब कर दिया। पुलिस ने गेमाराम को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।