बीकानेर में बारिश का पानी देखने गया 19 साल का युवक पानी में बह गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद संदीप को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घर पर बहन रेखा खिलेरी (22) को भाई की मौत की खबर मिली तो वह खुद टांके में कूद गई। उसकी भी मृत्यु हो गयी।

पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद इलाके के नालों में पानी नदी की तरह बह रहा है। इसी पानी को देखने के लिए बज्जू का संदीप खिलेरी अपने दोस्तों के साथ बरसाती नदी देखने गया था। दोस्तों ने बताया- संदीप जहां खड़ा था, वहां से मिट्टी कटकर आगे की ओर बह गई। दिन के करीब दो बजे संदीप भी बह गया। साथ आए साथियों व ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद संदीप को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसे तुरंत बज्जू अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

संदीप की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। करीब चार बजे संदीप की बहन रेखा यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी। भाई की मौत की खबर मिलते ही वह घर के पास सिंचाई के लिए बनी डिग्गी में कूद गई। उनकी भी मृत्यु हो गयी। बज्जू निवासी राधेश्याम पूनिया ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे बज्जू तेजपुरा में पानी पहुंच गया था। यह पानी गड़ियाला से यहां आ रहा है। तीव्र गति से पानी आता हुआ, जिधर रास्ता मिला, वहीं वह आगे बढ़ता रहा। इस पानी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

उधर, बज्जू पुलिस भी गश्त कर रही है। पुलिस जब पानी के आसपास पहुंचे लोगों को हटाने पहुंची तो वे जीप को पानी के पास ले गये. देखते ही देखते जीप भी पानी की चपेट में आ गयी। उस वक्त जीप में कई पुलिसकर्मी सवार थे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह जीप को रोका और किनारे पर लाये। दोनों भाई-बहन बज्जू के कॉलेज में एक साथ पढ़ते थे। दोनों की सगाई भी हो गई थी। पिता किसान हैं। वहीं घर में और भी छोटे भाई-बहन हैं।