जयपुर में एक युवक ने घर में घुसकर दो बच्चों और उनकी मां की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शरीर पर कई जगह चाकुओं से वार किया। तीनों के शरीर पर दर्जनों जख्म के निशान हैं। घटना मालवीय नगर थाना क्षेत्र के झालाना स्थित खटीक मोहल्ले की है। उत्तराखंड के लक्ष्मण सिंह बिष्ट झालाना में अपेक्स सर्कल के पास नारियल पानी बेचकर जीवन यापन कर रहे हैं। अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर उनकी पत्नी सुमन, बेटे जीवांश (5) और हव्यांश (2) की बेरहमी से हत्या कर दी।

स्थानीय लोगों की सूचना पर मालवीय नगर थाने की सीआई पूनम चौधरी मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। बदमाश की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक फुटेज में आरोपी युवक भागता हुआ नजर आया। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल बरामद की है। आरोपी ने 2 राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद वह भाग गया। पुलिस को मौके से दो खोखे मिले हैं। अब एफएसएल टीम इसकी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में मिली फोटो को सर्कुलेट कर दिया गया है।

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने कहा- घटना स्थल का निरीक्षण किया है। वारदात को अंजाम देने वाला कोई परिचित ही है। इस 3 मंजिला मकान में अलग-अलग मंजिल पर किरायेदार रहते हैं। ये परिवार नीचे रहता है। आरोपी सीधे वहां पहुंचा और तीनों की हत्या कर दी और भाग गया। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। घटना के वक्त घर पर महिला की ननद और सास मौजूद थीं। उस वक्त पति घर पर नहीं था।

सुमन की ननद नेहा ने पुलिस को बताया कि वह शाम साढ़े चार से पांच बजे के बीच छत पर गयी थी। इस दौरान आरोपी ने दो फायर किये थे। जब वह नीचे आई तो आरोपी उसे धक्का देकर भाग गया। उनके सिर पर चोट लगी थी। सुमन की सास गीता ने बताया कि आरोपी छत से नीचे कूदकर भाग गया। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

कॉलोनी में रहने वाले ने बताया कि आरोपी करीब 25 से 30 साल का है। उसने मुंह पर काला कपड़ा बांध रखा था। वह झालाना की ओर भागता नजर आया। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर वे लोग बाहर आये। इस दौरान एक आरोपी भागता नजर आया।