चूरू के रतननगर थाना क्षेत्र के पोटी गांव में मंगलवार रात ससुराल आए फूफा ने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से भतीजे का एक हाथ कट गया। परिजन गंभीर हालत में घायल युवक को डीबी हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

छर्रे लगने से घायल युवक की मां को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर डीएसपी राजेंद्र बुरड़क अस्पताल पहुंचे और मृतक युवक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से आरोपी भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर आरोपी को बीकानेर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि पोटी निवासी सुरेंद्र सिंह ने बुधवार सुबह रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि मंगलवार रात वह अपने भाई गुलाब सिंह के घर गया था। तभी गढ़ड़ा हरियाणा निवासी झाबर सिंह आया। जिसने बारूद जैसी ची़ज से पहले गोली चलाई। जिसमें 40 वर्षीय सोना कंवर घायल हो गई। तेज आवाज सुनकर मोनू बाहर निकला और उसके पीछे भागा। तभी झाबर सिंह ने मोनू पर गोली चला दी। जिससे उसका एक हाथ शरीर से अलग हो गया और भतीजे मोनू सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी।

उधर, घर के सामने जाकर झाबर सिंह ने तीसरा फायर किया और पोटी गांव से बाहर की ओर भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के गादड़ा निवासी झाबर सिंह की शादी 12 साल पहले पोटी गांव की गीता कंवर से हुई थी। शादी के बाद से झाबर सिंह शराब पीकर गीता से मारपीट करता था। पांच महीने पहले उनका तलाक हो गया।

गीता के परिजनों ने दो माह पहले उसकी शादी दूसरी जगह कर दी। इससे नाराज होकर झाबर सिंह मंगलवार रात नौ बजे अपनी ससुराल पोटी पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। और घर पर फायरिंग कर दी। जिससे आंगन में सो रही सोना कंवर छर्रे लगने से घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर घायल महिला का बेटा मोनू सिंह (20) गुलाब सिंह बाहर आया।

घर के सामने खड़े झाबर ने मोनू पर गोली चला दी। गोली मोनू के दाहिने हाथ में लगी और हाथ कट गया। रात करीब साढ़े नौ बजे परिजन मोनू को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोना कंवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी ने चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान छर्रे लगने से आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।