केकड़ी सदर थाना क्षेत्र के सूंपा गांव में मंगलवार दोपहर तालाब में नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को बाहर निकाला। मृतक किशोर तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार सुंपा निवासी 13 वर्षीय किशोर खुशीराम पुत्र स्वर्गीय छोटू लाल रेगर दोपहर को तालाब में नहाने गया था। इस दौरान तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से किशोर की मौत हो गयी। जब किशोर काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोरी के कपड़े तालाब के किनारे पड़े मिले। इसके बाद आशंका के आधार पर ग्रामीणों ने तालाब में किशोर की तलाश शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर सदर थाना अधिकारी प्रभु लाल मीणा भी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सदर थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद किशोर के शव को तालाब से बाहर निकाला। सदर थाना पुलिस ने किशोर के शव को केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक किशोर तीन बहनों का इकलौता भाई है। तीन बहनों में सबसे छोटी किशोरी थी। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से परिवार दुखी है।